क्राइमहेडलाइन

CG- SP ने किया ईनाम घोषित: मृत महिला-बच्चे की पहचान बताने वालों को मिलेगा 5000 ईनाम , 15 मई को मिली थी लाश

जांजगीर 6 जून 2023। करीब एक महीने बाद भी जांजगीर के मुड़पार के मुड़ानाला के पास मिले महिला व बच्चे के शव की पहचान नहीं हो पाई है। अब पुलिस ने महिला और बच्चे के साथ-साथ आरोपी की पहचान बताने वालों के लिए ईनाम की घोषणा की है। एसपी विजय अग्रवाल ने जारी आदेश में कहा है कि जो भी मृतक महिला और बालक की पहचान तथा फरार आरोपी के बारे में जानकारी देगा, जिससे उसकी गिरफ्तारी हो सके, उसे 5000 रुपये का ईनाम दिया जायेगा। साथ ही सूचना देने वालों का नाम गोपनीय रखा जायेगा।

आपको बता दें कि  नैला चौकी क्षेत्र के ग्राम मुड़पार के मुड़ानाला के पास सोमवार की सुबह एक ही कंबल और चादर से लिपटा अर्धनग्न महिला और एक बच्चे का शव मिला था। दोनों के गले में रस्सी बंधी थी, मुंह में भी कपड़ा वगैरह ठूंसा गया था। साथ ही पास में एक मरा हुआ खरगोश भी था। शव की स्थिति देखकर पुलिस को यह साफ हो गया कि दोनों की हत्या कर शव फेंका गया है। पुलिस का मानना है कि घटना स्थल हत्यारों का घर हो सकता है।

इसमें एक से अधिक लोग भी शामिल होंगे। हत्या करने के बाद शव को ठिकाने लगाने के लिए दोनों को एक साथ बांधा गया और शव को बाइक वगैरह के बीच में रखकर लाया गया, क्योंकि महिला के पांव की उंगलियां और एड़ी घिस गई है। वहीं उसके घुटने में जलने के भी निशान हैं। इससे इस बात की संभावना है कि शव को बाइक के बीच में रखकर घसीटते हुए लाया गया है।आशंका है कि ये बाहरी होंगे तथा किसी पड़ोसी नगर में आकर रहते रहे होंगे। ऐसे लोगों का संपर्क बाहरी लोगों से कम होता है। इसलिए उनकी पहचान भी अक्सर छुपी रहती है। इसीलिए दाेनों की पहचान नहीं हो पा रही है।

Back to top button