हेडलाइन

सुमित्रा महाजन बनेगी महाराष्ट्र की राज्यपाल ?… अटकलों पर पूर्व लोकसभा अध्यक्ष ने दिया ये जवाब..

भोपाल 31 अक्टूबर 2022। लोकसभा की पूर्व स्पीकर और इंदौर से आठ बार सांसद रहीं सुमित्रा महाजन को राज्यपाल बनाने की अटकलें एक बार फिर तेज हो गई हैं। लोकसभा की पूर्व स्पीकर 2019 के बाद सक्रिय राजनीति से दूर हैं। सुमित्रा महाजन को लोग इंदौर समेत पूरे एमपी में ताई के नाम से बुलाते हैं। हाल के दिनों में उनकी सक्रियता दिखने लगी है। कुछ दिनों पहले सीएम ने उन्हें प्लेन भेजकर भोपाल बुलवाया था।

इसके साथ ही बीजेपी के नेता इंदौर स्थित उनके घर पर मुलाकात के लिए जाते रहते हैं। वहीं, उन्हें लेकर कई बार यह अफवाह उड़ती है कि वह राज्यपाल बनने वाली हैं। समय-समय पर अलग-अलग राज्यों में राज्यपाल पद पर नियुक्ति के लिए उनके नाम की चर्चा शुरू हो जाती है। रविवार को भी कुछ ऐसा ही हुआ है।

कुछ लोग सोशल मीडिया पर यह पोस्ट करने लगे कि सुमित्रा महाजन की नियुक्ति महाराष्ट्र के राज्यपाल के रूप में हुई है। इसके बाद लोग सुमित्रा ताई को बधाई देने लगे। सोशल मीडिया से लेकर फोन कॉल तक पर उन्हें बधाई मिलने लगी। इसके बाद सुमित्रा ताई ने कहा कि मुझसे तो किसी ने पूछा नहीं, यह बात न जाने कहां से आ गई है।

छह माह पहले भी ताई को महाराष्ट्र और गोवा का राज्यपाल बनाए जाने की चर्चा चली थी। दरअसल, ताई महाराष्ट्र के कोंकण के चिपलूण गांव की है। मुबंई समेत महाराष्ट्र के कई हिस्सों में उनके रिश्तेदार रहते हैं। जानकारों का कहना है कि ताई लोकसभा स्पीकर रह चुकी हैं। यह देश के सर्वोच्च संवैधानिक पदों में से एक हैं। इसके बाद उन्हें राज्यपाल का पद नहीं दिया जा सकता। 

Back to top button