हेडलाइन

CG : IED की चपेट में आया जवान, माओवादियों ने जंगल में प्लांट कर रखा था IED, घायल जवान को अस्पताल में कराया गया भर्ती

बीजापुर 22 सितंबर 2023। नक्सल प्रभावित बीजापुर जिला में आईईडी ब्लास्ट की चपेट में आकर एक जवान गंभीर रूप से घायल हो गया। बताया जा रहा है कि माओवादियों ने जंगल में प्रेशर आईईडी प्लांट कर रखा था। सर्चिंग के दौरान एक जवान आईईडी ब्लास्ट की चपेट में आकर घायल हो गया,जिसे इलाज के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

जानकारी के मुताबिक घटना बीजापुर के जांगला थाना क्षेत्र का है। बताया जा रहा है कि यहां के दुरधा के जंगल मे माओवादियों ने जवानों को निशाना बनाने के लिए पहले से प्रेशर आईईडी प्लांट कर रखा था। शुक्रवार को डीआरजी बीजापुर की टीम जांगला व नैमेड थाना क्षेत्र के सीमावर्ती गांव कैका, दुरधा व मोसला की तरह नक्सल विरोधी अभियान पर निकली हुई थी।

सर्चिंग अभियान के दौरान अचानक आईईडी ब्लास्ट होने पर एक जवान इसकी चपेट में आ गया। घायल जवान सन्नू हेमला को तत्काल जिला अस्पताल में ले जाकर भर्ती कराया गया, जहां इलाज के दौरान उसकी हालत खतरे से बाहर बतायी जा रही है। वहीं इस घटना के बाद से क्षेत्र में सर्चिंग अभियान तेज कर दिया गया है।

Back to top button