ब्यूरोक्रेट्स

CG राहत की खबर – धान बेचने अब बगैर उत्पादकता प्रमाण पत्र के भी किसानों को मिलेंगे टोकन, किसानों की सहुलियत के लिए कलेक्टर रानू साहू ने लिया बड़ा फैसला……

 

कोरबा 3 दिसंबर 2021- प्रदेश भर में समर्थन मूल्य पर धान की खरीदी शुरू हो गयी है, इस बीच कोरबा कलेक्टर रानू साहू ने धान बेचने वाले किसानों के लिए राहत भरा फैसला लिया है। कोरबा में अब किसानों को बगैर उत्पादकता प्रमाण पत्र के ही धान बेचने के लिए टोकन मिल सकेगें, इसके लिए कलेक्टर रानू साहू ने राजस्व विभाग को आदेश जारी कर तत्काल प्रभाव से आदेश लागू करने की बात कही है। गौरतलब है कि कोरबा जिला प्रशासन ने समर्थन मूल्य पर सहकारी समितियों में धान बेचने के लिए पहले किसानों को उत्पादकता प्रमाण पत्र देना अनिवार्य किया गया था। राजस्व विभाग द्वारा जारी उत्पादकता प्रमाण पत्र को लेकर किसानों को कई तरह की दिक्कतें आ रही थी, जिसे देखते हुए कलेक्टर रानू साहू ने बड़ा फैसला लेते हुए उत्पादकता प्रमाण पत्र की व्यवस्था को अब खत्म कर दिया है। कलेक्टर ने इस संबंध में जरूरी निर्देश सभी राजस्व अधिकारियों को दे दिए हैं। अब किसानों को धान खरीदी के लिए टोकन कटाने से पहले पटवारी द्वारा जारी उत्पादकता प्रमाण पत्र की बाध्यता नहीं रहेगी। कलेक्टर के इस आदेश के बाद अब किसान समितियों में सीधे जाकर अपने धान के बोयें गए रकबे की जानकारी देकर धान बेचने के लिए टोकन कटा सकेंगे। कलेक्टर रानू साहू ने बताया कि पिछले वर्ष धान खरीदी के दौरान जिले में किसानों से उत्पादकता प्रमाण पत्र के आधार पर धान खरीदी की व्यवस्था की गई थी। इस वर्ष ज़िले के किसानों को सहूलियत देते हुए आसानी से धान बेचने के लिए अब जिले में यह व्यवस्था खत्म कर दी गई है। अब किसानों से गिरदावरी के दौरान दर्ज धान के रकबे के हिसाब से प्रति एकड़ अधिकतम 15 क्विंटल की दर से धान समर्थन मूल्य पर खरीदा जाएगा। उन्होंने बताया कि धान खरीदी शुरू होने के पहले ही जिले के राजस्व अधिकारियों, पटवारी और तहसीलदारों ने धान फसल का गिरदावरी के दौरान सत्यापन कर लिया है, किसानो के खेतों में बोये गए धान के रकबे की जानकारी इस दौरान इकट्ठी कर रिक़ार्ड की गई है। ऐसे में अब गिरदावरी रिकॉर्ड में दर्ज रकबे के हिसाब से धान की खरीदी सुनिश्चित की जायेगी। कलेक्टर ने सभी अनुविभागीय राजस्व अधिकारी, तहसीलदार, नायब तहसीलदार और पटवारियों सहित संबंधित अधिकारियों को धान खरीदी के लिए सभी सहयोग करने के लिए भी निर्देशित किया गया हैं।

Back to top button