हेडलाइन

केंद्रीय मंत्री के भतीजे ने की आत्महत्या… घर पर फांसी पर लटकी मिली लाश..

लखनऊ 23 नवंबर 2022। भारतीय जनता पार्टी के केंद्रीय राज्य मंत्री एवं सांसद मोहनलालगंज कौशल किशोर के भतीजे 45 वर्षीय नंद किशोर ने बुधवार सुबह फांसी लगा ली। घर के अंदर फंदे पर नंद किशोर का शव लटका मिला। घटना की जानकारी पर पहुंची पुलिस आत्महत्या के कारणों की पड़ताल कर रही है। वह दुबग्गा के बेगरिया स्थित घर में रहते थे। केंद्रीय राज्यमंत्री से जुड़ा मामला होने के चलते पुलिस ने सभी को स्पॉट से दूर रखा है। जिस कमरे में सुसाइड की है, उस कमरे को पुलिस ने अपनी कस्टडी में ले लिया है। वहां किसी को भी एंट्री नहीं है।

बेटे विशाल के मुताबिक, पिता कुछ दिनों से परेशान चल रहे थे। पुलिस मामले की पड़ताल कर रही है। प्रभारी निरीक्षक सुखवीर सिंह भदौरिया के मुताबिक, 47 वर्षीय रियल एस्टेट कारोबारी नंद किशोर और उनके भाई कारोबार में हाथ बंटाते थे। पुलिस के मुताबिक, नंद मृतक ने दो शादियां की थी। एक पत्नी मुस्लिम और दूसरी हिन्दू है। दोनों पत्नियों से बच्चे हैं। पहली पत्नी शकीला से दो बच्चे अफजल व साहिल तथा दूसरी पत्नी से बेटा विशाल और आदर्श, बेटी अंशिका और शिखा हैं।

कमरे में सुसाइड नोट मिला है या नहीं कह पाना अभी मुश्किल होगा, क्योंकि कोई भी अधिकारी और परिजन बोलने को तैयार नहीं है। मौके पर केंद्रीय राज्य मंत्री कौशल किशोर और बीजेपी के नेता पहुंच गए हैं। स्थानीय लोग भी भारी संख्या में इकट्ठा हो गए हैं।

पुलिस शव का पोस्टमार्टम कराने की तैयारी कर रही है। फिलहाल शव को नीचे उतार लिया गया है और कमरे की बारीकी से पुलिस छानबीन कर रही है। केंद्रीय मंत्री से जुड़ा मामला है, इसलिए पुलिस कोई भी चूक नहीं करना चाहती है। सुसाइड के पीछे वजह क्या रही है। ऐसे तमाम सवाल हैं, जिनके जवाब अभी मिलने बाकी हैं।

Back to top button