पॉलिटिकलहेडलाइन

VIDEO- अजय चंद्राकर की सिंहदेव पर अजीबोगरीब टिप्पणी, बोले- लगता है वो बेइज्जती सहने ही..

अम्बिकापुर 21 जुलाई 2023। सरगुजा में बीजेपी प्रदेश कार्यसमिति की बैठक में अजय चंद्राकर ने मंत्री टीएस सिंहदेव पर अजीबो गरीब बयान दिया है। चंद्राकर ने सिंहदेव पर टिप्पणी करते हुए कहा कि उन्होंने कांग्रेस में रहकर अपनी बेइज्जती कराने को नियति मान लिया है। यही नहीं चंद्राकर ने सिंहदेव को बिना रीढ़ का राजा तक भी कह दिया। चंद्राकर ने इस मौके पर आह्वान किया कि उनके राजा का अपमान कांग्रेस में हो रहा है, इसलिए चुनाव में कांग्रेस को हराकर इस अपमान का बदला लें। अजय चंद्राकर ने कहा कि वे स्वास्थ्य मंत्री टीएस सिंहदेव की कर्मभूमि पर खड़े हैं। वे टीएस सिंहदेव को रीढ़ की हड्डी वाला राजा मानते था, लेकिन जिस तरह से वे सीएम के सामने उठक-बैठक कर रहे हैं, ऐसेे में उन्हें नहीं मानता कि उनमें रीढ़ की हड्डी हैं।सिंहदेव के धैर्य और सहनशक्ति की प्रशंसा करते हुए चंद्राकर ने कहा कि सरगुजावासियों को उनके अपमान का बदला कांग्रेस को हराकर जरूर लेना चाहिए।

इधर अजय चंद्राकर के बयान पर सरगुजा कांग्रेस जिलाध्यक्ष राकेश गुप्ता ने पलटवार किया है। गुप्ता ने कहा कि अजय चंद्राकर जी अपने व्यक्तिगत और स्वार्थ के लिए ऐसे शब्दों का प्रयोग कर रहे हैं। स्वास्थ्य मंत्री टीएस सिंह देव के व्यक्तित्व के बारे में सरगुजा वासी भली-भांति परिचित हैं। कांग्रेस पार्टी के अंदर जो चर्चाएं चल रही है वह पार्टी की बात है। टीएस सिंहदेव कद्दावर नेता हैं जो सरगुजा वासियों के दिल में बसते हैं।

अजय चंद्राकर अंबिकापुर में आयोजित भाजपा प्रदेश कार्यसमिति की बैठक में शामिल होने आए थे। यहां बीजेपी नेताओं की बैठक हुई। इसके बाद चंद्राकर पत्रकारों से चर्चा कर रहे थे। उसी दौरान उन्होंने बयान दिया। चंद्राकर ने कहा कि भाजपा 24 घंटे काम करने वाली पार्टी है। परिणाम 19-20 आ जाते हैं। पिछला चुनाव हमारे खिलाफ रहा, लेकिन 6 महीने बाद चुनाव आया तो हम इतिहास का सबसे ज्यादा वोट पाकर जीत गए। 11 में से 9 सीटें हमने जीतीं। बीजेपी ने 2019 के लोकसभा चुनाव में 11 में से 9 सीटें जीती थीं।

Back to top button