बिग ब्रेकिंग

हर-हर महादेव के जयकारे के साथ शुरू होगा हड़ताल-हड़ताल का शोर….आज से स्कूलों में अनिश्चितकालीन हड़ताल…स्कूलों में लटके ताले, DA-HRA की मांग के साथ गुरूजी उतरे सड़कों पर

रायपुर 25 जुलाई 2022। महंगाई भत्ता वे HRA के मुद्दे पर आज से तीन शिक्षक संगठन अनिश्चितकालीन हड़ताल पर जा रहे हैं। एक तरफ कर्मचारी अधिकारी फेडरेशन के बैनर तले प्रदेश के 75 संगठन 5 दिवसीय हड़ताल पर जायेंगे, तो वहीं दूसरी तरफ टीचर्स एसोसिएशन, शालेय शिक्षक संघ और नवीन शिक्षक संघ संयुक्त रूप से अनिश्चितकालीन हड़ताल पर उतरेगा। कुल मिलाकर आज से दफ्तर और स्कूलों में ताला लटकना तय हो गया है। 17 जुलाई को ही वीरेंद्र दुबे प्रदेश अध्यक्ष छ. ग. शालेय शिक्षक संघ, संजय शर्मा प्रदेश अध्यक्ष छत्तीसगढ़ टीचर्स एसोसिएशन, विकास राजपूत प्रदेश अध्यक्ष नवीन शिक्षक संघ ने संयुक्त प्रेस कांफ्रेंस कर सभी संघो की समान भूमिका व सामूहिक नेतृत्व में डीए व एच आर ए की मांग को लेकर 25 जुलाई से सामूहिक नेतृत्व में अनिश्चितकालीन हड़ताल का ऐलान कर दिया था। सभी संघ के प्रदेश अध्यक्ष को आर-पार के आंदोलन के लिए सामने आकर अनिश्चितकालीन हड़ताल में शामिल होने की अपील की है।

आज आंदोलन के पहले दिन पवित्र श्रावण माह का सोमवार है, अतः इसका शुभारंभ जिले के सभी ब्लॉक में शिव मंदिर में जलाभिषेक से किया जाएगा। रायपुर सहित पूरे प्रदेश भर के जिला व ब्लाक मुख्यालय में शिक्षक जलाभिषेक के साथ आंदोलन की शुरुआत करेंगे। अनिश्चितकालीन हड़ताल के तहत शिक्षक व कर्मचारी अधिकारी किसी स्थान पर नहीं बैठेंगे, बल्कि प्रत्येक दिवस के लिए अलग-अलग कार्यक्रम निर्धारित किया गया है, जिसमें शिक्षक व कर्मचारी शामिल होकर अपनी आवाज बुलंद करेंगे. इसी के तहत पहले दिन जलाभिषेक का कार्यक्रम है.

वीरेंद्र दुबे प्रदेश अध्यक्ष छ. ग. शालेय शिक्षक संघ, संजय शर्मा प्रदेश अध्यक्ष छत्तीसगढ़ टीचर्स एसोसिएशन,विकास राजपूत प्रदेश अध्यक्ष नवीन शिक्षक संघ ने कहा कि जनवरी 2020 का 4 % जुलाई 2020 के 3 % में से 1 % मिलाकर 5 % मंहगाई भत्ता 1 मई 2022 से दिया गया है। वर्तमान में जुलाई 2020 का 2 % व जनवरी 2021 से 4% तथा जुलाई 2021 से 3 % जनवरी 2022 से 3 % मिलाकर कुल 12 % मंहगाई भत्ता लंबित है और कर्मचारियों को अभी भी 6 वें वेतनमान के अनुरूप गृहभाडा़ भत्ता मिल रहा है,जिसके कारण समस्त शासकीय कर्मचारियों प्रतिमाह लगभग 4000 रूपये से 16000 रूपये की आर्थिक क्षति हो रही है।

ज्ञात हो कि पिछले 2 कैबिनेट बैठक में कर्मचारियों को मंहगाई भत्ता बढ़ने का भरोसा था, पर 14 जुलाई के कैबिनेट बैठक में कर्मचारियों के मंहगाई भत्ता पर निर्णय लेने के बजाय विधायकों के वेतन भत्ते में वृद्धि का फैसला लिया गया। सत्ता पक्ष व विपक्ष मिलकर वेतन – भत्ते बढ़ा ले रहे है इसी प्रकार कर्मचारी भी मिलकर अनिश्चितकालीन हड़ताल करते हुए 34% महंगाई भत्ता व 7 वे वेतनमान के आधार पर गृह भाड़ा भत्ता ले सकते है।

Back to top button