पॉलिटिकलहेडलाइन

VIDEO-…जब भाजपा प्रत्याशी ने सिंहदेव के पैर छुकर मांगा आशीर्वाद, नामांकन के दौरान दोनों का हुआ आमना-सामना, सिंहदेव ने कहा…

अंबिकापुर 27 अक्टूबर 2023। राजनीति का दस्तूर ही कुछ ऐसा है, जिसमे ना तो कोई स्थायी दोस्त होता है और ना ही दुश्मन। बाबजूद आज की राजनीति में एक दूसरे को प्रत्याशी अपना दुश्मन समझ लेने से गुरेज नहीं करते। सामने मिलने पर मुंह फेर लेना, शब्दों की मर्यादा को किसी भी हद तक लांघ जाना, आज की राजनीति में आम है।…लेकिन सरगुजा कलेक्टरेट में आज जो कुछ दिखा, वैसा राजनीति में कभी कभार ही दिखता हैं। दरअसल नामांकन के ठीक पहले अंबिकापुर से कांग्रेस के प्रत्याशी डिप्टी सीएम टीएस सिंहदेव का सामना अचानक से भाजपा के प्रत्याशी राजेश अग्रवाल से हो गया।

मुख्यमंत्री के आने का इंतजार सिंहदेव अपने कुछ करीबियों और परिवार के सदस्यों के साथ कर रहे थे, उसी दौरान अचानक से नामांकन के लिए भाजपा प्रत्याशी राजेश अग्रवाल भी पहुंच गये। दोनों को मुहूर्त के लिहाज से आज नामांकन भरना था। जैसे ही बाबा को भाजपा प्रत्याशी राजेश अग्रवाल ने देखा, वो लपककर उनके पास पहुंचे और पैर छुकर उनका आशीर्वाद लिया। इस दौरान सिंहदेव ने उनसे पूछा, आप भी आज ही नामांकन कर रहे हैं। जिसके जवाब में राजेश अग्रवाल ने कहा, कि वो भी आज ही नामांकन भर रहे हैं। जिसके बाद राजेश अग्रवाल ने मौजूद अन्य लोगों से भी हाथ मिलाया और फिर आगे बढ़ गये।

आपको बता दें कि 17 नवंबर को होने वाले दूसरे चरण के मतदान के लिए नामांकन चल रहा है। डिप्टी सीएम टी एस सिंह देव ने शुभ महूर्त में नामांकन फॉर्म जमा किया। सिंहदेव के समर्थकों के साथ कोठी घर से रैली निकालकर कलेक्ट्रेट कार्यालय पहुंचे। इधर अंबिकापुर के भाजपा प्रत्याशी राजेश अग्रवाल ने भी पर्चा दाखिल किया। सिंहदेव के पैर छूकर आशीर्वाद लिया। टीएस सिंहदेव ने भाजपा के अंबिकापुर प्रत्याशी राजेश अग्रवाल को लेकर कहा पहले ये कॉग्रेस में थे, अब भाजपा में है। करीबी तो भाजपा के लोग भी है, भाजपा के किसी से सम्बन्ध ख़राब नहीं है।

इससे पहले आज मुख्यमंत्री भूपेश बघेल सरगुजा पहुंचे और सिंहदेव के नामांकन में शामिल हुए। इस दौरान उन्होंने एक बड़ी चुनावी सभा को संबोधित किया।

Back to top button