पॉलिटिकल

BJP ने कानून व्यवस्था पर खड़े किये सवाल….शालिनी राजपूत बोली-अपराधियों के हौसले बुलंद, महिलाओं के साथ घर में घुसकर कर रहे हैं छेड़खानी

रायपुर 10 नवंबर 2021। बीजेपी ने प्रदेश में कानून व्यवस्था पर सवाल खड़े किए हैं। भारतीय जनता पार्टी महिला मोर्चा की प्रदेश अध्यक्ष शालिनी राजपूत ने कहा कि प्रदेश में आपराधिक तत्वों के हौसले दिन प्रतिदिन बढ़ते जा रहे हैं, आलम यह है कि प्रदेश के हर जिले में दिल दहलाने वाली घटना सामने आ रही है। उन्होंने कहा कि अपराधियों के हौसले इतने बुलंद हो गए हैं कि अब वे महिलाओं को उनके घर में जाकर उनके साथ छेड़छाड़ करने जैसी घटनाएं तक को अंजाम दे रहे हैं जिसे प्रदेश की कांग्रेस सरकार और प्रदेश की कानून व्यवस्था रोकने में पूरी तरह से नाकाम साबित हो हुई है।

भारतीय जनता पार्टी महिला मोर्चा की प्रदेश अध्यक्ष शालिनी राजपूत ने कहा कि प्रदेश में सरकार के ढीले रवैया एवं कानून व्यवस्था की खुली छूट के कारण अपराधियों के हौसले इतने बुलंद हो गए हैं कि वह अब दुष्कर्म जैसी घटना करने में भी नहीं डरते हैं। उन्होंने कहा कि जिस तरह से रायगढ़ में एक युवती जब अपने मित्र से मिलने के लिए गई थी तो उसके पुरुष मित्र को बंधक बनाकर उस युवती के साथ चार युवकों ने जंगल में ले जाकर गैंग रेप किया। वहीं सूरजपुर जिले में एक महिला को उसके पति की शराब की लत छुड़ाने का झांसा देकर महिला के साथ दुष्कर्म किया गया तथा उस महिला का वीडियो बनाकर उसे धमकी देकर ब्लैकमेल करने लगा।

भाजपा महिला मोर्चा की प्रदेश अध्यक्ष शालिनी राजपूत ने कहा कि अपराधी बेखौफ होकर अपराध को अंजाम दे रहे हैं उन्हें किसी का डर नहीं है। भिलाई के आर जामगांव में एक घर में घुसकर युवक ने एक 15 वर्षीय नाबालिग से छेड़छाड़ किया। वहीं कांकेर के कोरर थाना अंतर्गत ग्राम हॉटकर्रा की महिला के साथ युवक ने घर में घुसकर दुष्कर्म किया। बालोद जिले के डौंडी ब्लाक के एक गांव में 35 वर्षीय महिला के साथ दुष्कर्म का मामला सामने आया है महिला वर्तमान में गर्भवती भी हो गई है। वहीं गरियाबंद में एक नाबालिक को एक युवक द्वारा बहला-फुसलाकर उसे अपने साथ ले जाकर उसके साथ दैहिक शोषण किया गया। इससे स्पष्ट होता है कि प्रदेश में कानून व्यवस्था अपराध रोकने में पूरी तरह नाकाम साबित हुई है।

Back to top button