हेडलाइन

कौन-कौन बनेगा मंत्री : मंत्रिमंडल में दिखेगा अनुभव व युवा का मेलजोल, 13 मंत्रियों को एडजस्ट करने में करनी होगी माथापच्ची

रायपुर 10 दिसंबर 2023। छत्तीसगढ़ में मुख्यमंत्री के नाम से सस्पेंस तो खत्म हो गया है, लेकिन मंत्रिमंडल को लेकर अभी भी अटकलें लग रही है। 13 मंत्रियों को शपथ लेना है, लिहाजा नामों पर कयास लगने जारी है। हालांकि खबर ये है कि दो उप मुख्यमंत्री बनेंगे, जाहिर है उन्हें भी मंत्रियों के रूप में ही माना जा जायेगा, ऐसे में और 11 कौन होंगे, उस पर पार्टी के अंदर भले अभी मंथन नहीं हुआ हो, लेकिन सोशल मीडिया में अटकलबाजी जरूर शुरू हो गयी है। इस बार मंत्रिमंडल में भी नया और पुराने मंत्रियों का मिला-जुला समूह देखने को मिल सकता है। इस बार दो महिला मंत्री भी बन सकती हैं।

लता उसेंडी के अलावे रेणुका सिंह या गोमती साय में से किसी एक को मंत्री मिल सकता है। रायपुर संभाग में सामान्य वर्ग से अगर रमन सिंह विधानसभा अध्यक्ष बने, तो बृजमोहन अग्रवाल और राजेश मूणत को मंत्री बनाया जा सकता है। वहीं ओबीसी से अजय चंद्राकर का भी मंत्री बनना लगभग तय माना जा रहा है।

वहीं दुर्ग संभाग में विजय शर्मा के डिप्टी सीएम बनने की चर्चा है। वहीं, अनुसूचित जाति वर्ग से पूर्व मंत्री दयालदास बघेल का नाम भी चर्चा में है।  वहीं बिलासपुर संभाग से भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष अरुण साव को उप मुख्यमंत्री बनाया जा सकता है। इसके अलावा ओपी चौधरी, पूर्व मंत्री अमर अग्रवाल, पूर्व मंत्री पुन्नूलाल मोहले, पूर्व विधानसभा अध्यक्ष धरमलाल कौशिक भाजपा के बड़े चेहरे हैं।

उनके साथ ही कांग्रेस और जोगी कांग्रेस से भाजपा में आए धर्मजीत भी पांचवीं बार विधायक चुने गए हैं। सरगुजा संभाग की बात की जाए तो पूर्व मंत्री रामविचार नेताम और गोमती साय को मंत्री बनाया जा सकता है।  बस्तर संभाग में कद्दावर नेता केदार कश्यप मंत्री पद के प्रबल दावेदार हैं। इसके अलावा लता उसेंडी और विक्रम उसेंडी भी मंत्रिमंडल में शामिल हो सकते हैं।

Back to top button