स्पोर्ट्सहेडलाइन

नहीं रहे दुनियां के महान फुटबॉलर पेले, उनके खेल के थे लाखों दीवाने…82 साल की उम्र में ली अंतिम सांस….

नई दिल्ली 30 दिसंबर 2022: ब्राजील के दिगग्ज फुटबॉलर पेले का 82 साल की उम्र में निधन (Pele Death) हो गया। ब्राजील के सर्वकालिक महान खिलाड़ियों में शामिल और तीन बार के विश्व कप विजेता लिजेंड पेले के परिवारवालों ने उनके निधन की जानकारी दी।

ब्राजील के दिग्गज फुटबॉलर पेले का 82 साल की उम्र में निधन हो गया है । वो कैंसर की बीमारी से जूझ रहे थे। उन्हें 29 नवंबर से साओ पाउलो में अल्बर्ट आइंस्टीन इजराइली अस्पताल में भर्ती कराया गया था। 82 वर्षीय महान फुटबॉलर किडनी और कार्डियक डिसफंक्शन की बीमारी से जूझ रहे थे। तीन बार के विश्व कप विजेता पेले के निधन की आधिकारिक जानकारी की सूचना उनके परिवार वालों ने दी है। पेले की बेटी केली नैसिमेंटो ने इंस्टाग्राम पर निधन की जानकारी देते हुए लिखा, ‘हम जो कुछ भी हैं, वह आपकी बदौलत हैं। हम आपको असीम प्यार करते हैं। रेस्ट इन पीस।

फुटबॉल के खिलाड़ी के रूप में पेले का करियर बहुत कम उम्र में ही शुरू हो गया था। पेले ने 15 साल की उम्र में सांतोस की तरफ से फुटबॉल खेलना शुरू किया था और 16 साल की उम्र में ब्राजील की नेशनल टीम में पेले शामिल हो गए थे। पेले के नाम कुछ अनोखे ही रिकॉर्ड जुड़े हुए हैं। उन्होंने अपने करियर में 1279 गोल दागे तो वहीं 3 फीफा विश्व कप जीतने में वो सफल रहे। इसके अलावा पेले ने 6 ब्राजीलियाई लीग खिताब अपने नाम किए।

एडसन अरांतेस डो नैसिमेंटो (Edson Arantes do Nascimento) पेले के नाम से लोकप्रिय हैं। उनका जन्म 23 अक्टूबर, 1940 को ब्राजील के ट्रेस कोराकोएस में हुआ था। पेले की कोलन कैंसर (colon cancer) की कीमोथेरेपी चल रही थी। ब्राजील के इस दिग्गज फुटबॉलर को 29 नवंबर को सांस लेने में हो रही दिक्कतों के बाद एक अस्पताल में भर्ती कराया गया था। हालांकि, इसके बाद उन्होंने कीमोथेरेपी को रेस्पांड करना बंद कर दिया। इसके बाद उन्हें पैलिएटिव केयर में शिफ्ट कर दिया गया था।

पेले को 2021 में अपने कोलन से ट्यूमर निकाला गया था और तब से वह कीमोथेरेपी ले रहे थे। फीफा की तरफ से ‘द ग्रेटेस्ट’ कहे जाने वाले पेले ने तीन शादियां की थी और उनके कुल 7 बच्चे हैं।

Back to top button