बिग ब्रेकिंग

4 की मौत : साबुन बनाने की फैक्ट्री में जोरदार धमाका, हादसे में 4 लोगों की मौत

मेरठ17 अक्टूबर 2023| मेरठ में आज सुबह लोहियानगर स्थित एक मकान में चल रही साबुन और पटाखा फैक्टरी में जोरदार विस्फोट हुआ। धमाके से चार किमी तक के दायरे में लोगों के मकान हिल गए। आसपास के तीन मकान भी धराशायी हुए हैं। वहीं कई मकानों के शीशे टूट गए। फैक्टरी क्षेत्र में स्थित सत्यकाम स्कूल के नजदीक चल रही थी। गनीमत रही कि स्कूल का समय नहीं था और बच्चे स्कूल में नहीं थे। वहीं जांच में सामने आया कि फैक्टरी बिना अनुमति चल रही थी। हादसा इतना जबरदस्त था कि रेस्क्यू के दौरान भी कई धमाके हुए। आगे देखें कितना भीषण था यह विस्फोट। 

DM दीपक मीणा ने दी जानकारी

लोहिया नगर थाना क्षेत्र में करीब 7:15 बजे साबुन बनाने की एक फैक्ट्री में धमाका हुआ। इस हादसे में 4 पुरुषों की मौत हुई है। सभी की उम्र 18 वर्ष से अधिक है। सभी घायल खतरे से बाहर हैं। प्रथम दृष्टया ऐसा लगता है कि किसी मशीन या फिर उसमें प्रयोग होने वाले केमिकल की वजह से यह ब्लास्ट हुआ है। मगर कारण अभी स्पष्ट नहीं हुआ है, हम इसकी जांच कर रहे हैं।

उन्होंने आगे बताया कि, जिन लोगों की मृत्यु हुई है, उनकी पहचान करने के लिए यहां पर कोई नहीं है। इस वजह से हमें लगता है कि जिनकी मौत हुई है, वो सभी यहां काम करने वाले लेबर थे। 

हादसे पर मुख्यमंत्री ने दुख व्यक्त किया

मेरठ के लोहिया नगर में हुए हादसे पर उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने ट्वीट करते हुए दुख व्यक्त करते हुए शोक संतप्त परिजनों के प्रति संवेदना व्यक्त की है। मुख्यमंत्री ने संबंधित जिला प्रशासन के अधिकारियों को मौके पर पहुंचकर राहत कार्य में तेजी लाने एवं घायलों को तत्काल अस्पताल पहुंचाकर उनके समुचित उपचार कराने के निर्देश दिए हैं। साथ ही, घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की भी कामना की है।

Back to top button