हेडलाइन

वेतन नहीं मिलने पर फूंटा ग़ुस्सा, पालिका में कर्मचारियों ने जड़ा ताला, अपर सचिव ने आदेश जारी कर सीएमओ को दिया पॉवर

कवर्धा 23 जनवरी2024। नगर पालिका कर्मचारियों को वेतन नहीं मिलने से नाराज कर्मचारियों ने नगर पालिका में ताला जड़ दिया। बताया जा रहा है कि कर्मचारियों को तीन माह से वेतन नहीं मिला। जिसको लेकर कई दफा संबंधित अधिकारियों से मुलाकात कर वेतन भुगतान की मांग कर चुके हैं।

गौरतलब है कि नगर पालिका अध्यक्ष ने तीन माह पहले अपने पद से इस्तीफा दिया था। जिसके बाद अब तक अध्यक्ष की नियुक्ति नहीं हुई है। पालिका में 19 कांग्रेस के पार्षद हैं लेकिन अब तक नगर पालिका के उपाध्यक्ष को भी अध्यक्ष का प्रभार नहीं दिया गया है। जिसके चलते कर्मचारियों को वेतन भुगतान नहीं हुआ है। यही कारण है कि कर्मचारियों के सब्र का बांध टूट गया और उन्हें पालिका में ताला जड़ना पड़ा।

इधर कर्मचारियों के नाराज़गी की जानकारी के बाद नगरीय प्रशासन विभाग रायपुर के अपर सचिव ने तत्काल एक्शन लिया और नगर पालिका में जब तक अध्यक्ष पद के लिए नियुक्ति नहीं होती है तब तक वेतन भुगतान के लिए मुख्य नगर पालिका अधिकारी को एकल हस्ताक्षर से राशि जारी करने के लिए आदेश जारी किया।

Back to top button