मनोरंजन

Shiv Kumar Khurana Death: विनोद खन्ना को हीरो बनाने वाले प्रोड्यूसर-डायरेक्टर शिव कुमार नहीं रहे, मुंबई में ली आखिरी सांस….

मुंबई 28 अक्टूबर 2022: दिग्गज फिल्म डायरेक्टर शिव कुमार खुराना अब हमारे बीच नहीं रहे। 83 साल की उम्र में उनका निधन हो गया। वे लंबे समय से उम्र संबंधी बीमारियों से जूझ रहे थे। गुरुवार को मुंबई में डायरेक्टर ने अंतिम सांस ली।

शिव कुमार खुराना का निधन
हिंदी सिनेमा को विनोद खन्ना जैसा हीरो देने वाले निर्माता-निर्देशक शिव कुमार खुराना का मुंबई में निधन हो गया। बीती 25 अक्टूबर को उन्होंने यहां ब्रह्मकुमारी अस्पताल में अंतिम सांस ली। वह 83 वर्ष के थे और बीमारियों से जूझ रहे थे। पत्नी और दो बेटे उनके परिवार में हैं। शिव कुमार खुराना फिल्मों में सिर्फ शिव कुमार नाम से प्रसिद्ध थे और फिल्मों में निर्माता-निर्देशक के रूप में उनका करियर 35 वर्षों के करीब था। 1965 में टार्जन और सर्कस नाम की पहली फिल्म निर्देशत करने वाले शिव कुमार ने आखिरी फिल्म 1999 में जालसाज बनाई थी। उन्होंने अपने दौर के तमाम प्रसिद्ध कलाकारों को अपनी फिल्मों में लिया। जिनमें अशोक कुमार, संजीव कुमार, फिरोज खान, शेख मुख्तियार, हेलन, जॉय मुखर्जी, विनोद मेहरा, जरीना वहाब, कमल सदाना से लेकर कादर खान, सदाशिव अमरापुरकर, रजा मुराद और अनुपम खेर तक शामिल हैं।

विनोद खन्ना को दिया था हीरो बनने का मौका
शिव कुमार खुराना ने दिग्गज एक्टर विनोद खन्ना को मूवी ‘हम तुम और वो’ में साइन किया था। कहा जाता है शिव कुमार पहले ऐसे फिल्ममेकर थे जिन्होंने विनोद खन्ना को बतौर हीरो साइन किया था। 90s का वक्त था जब विनोद खन्ना ज्यादातर मूवीज में निगेटिव रोल्स में देखे जाते थे। ऐसे दौर में शिव कुमार ने विनोद खन्ना को बॉलीवुड में बतौर हीरो प्रेजेंट किया. डायरेक्टर का लिया ये बड़ा रिस्क था, पर इसका अंजाम अच्छा रहा। ‘हम तुम और वो’ में विनोद खन्ना के साथ अरुणा ईरानी, भारती नजर आई थीं। विनोद खन्ना ने विजय का रोल प्ले किया था।

शिव कुमार खुराना ने एक्स बिग बॉस विनर विंदू दारा सिंह को बॉलीवुड में फिल्म करण से लॉन्च किया था। ये मूवी 1994 में आई थी। डायरेक्टर अब भले ही हमारे बीच नहीं रहे, पर उनके हिंदी सिनेमा में दिए गए योगदान को फैंस हमेशा याद रखेंगे।

आज भी फेमस है गाना
तमाम चर्चित एक्टरों के साथ फिल्में बनाने के बीच शिव कुमार को ऐसे निर्माता-निर्देशक के रूप में सबसे ज्यादा याद किया जाता है, जिसने विनोद खन्ना जैसे अभिनेता को सबसे पहले अपनी फिल्म में हीरो बनाया। विनोद खन्ना भले ही सुनील दत्त की होम प्रोडक्शन फिल्म मन का मीत (1968) में लॉन्च हुए थे, मगर वह खलनायक का रोल था। इसके बाद विनोद खन्ना को फिल्मों में नेगेटिव रोल ही ऑफर हो रहे थे परंतु शिव कुमार खुराना पहले फिल्म मेकर थे, जिन्होंने विनोद खन्ना के अंदर छुपे हीरो को देखा और अपनी फिल्म हम तुम और वो (1971) के लिए बतौर नायक साइन किया। इस फिल्म में विनोद खन्ना पर फिल्माया शुद्ध हिंदी गाना, प्रिये प्राणेश्वरी हृदयेश्वरी… आज भी देखा-सुना जाता है। इसे किशोर कुमार ने अपने अंदाज में गाया था। यह अलग बात है कि फिल्म हम तुम और वो से पहले विनोद खन्ना की गुलजार के निर्देशन में बनी मेरे अपने (1971) रिलीज हुई थी, जिसमें भी विनोद खन्ना पॉजिटिव रोल में थे।

Back to top button