हेडलाइन

भाजपा कार्यकर्ता का फूटा सिर: सिंधिया के शॉट से बीजेपी नेता घायल, कैच पकड़ने के दौरान कार्यकर्ता का सिर फूटा, अस्पताल में भर्ती….

रीवा 15 फरवरी 2023: केंद्रीय उड्डयन मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया आज रीवा दौरे पर थे। इस दौरान उन्होंने रीवा एयरपोर्ट का शिलान्यास करने के बाद रीवा शहर से लगे इटौरा में बने माधव राव सिंधिया क्रिकेट स्टेडियम का लोकार्पण किया। बता दें कि इसके बाद क्रिकेट खेलते समय ज्योतिरादित्य सिंधिया के एक शॉट को पकड़ने के चक्कर में बीजेपी के एक कार्यकर्ता को चोट लग गई और वह गंभीर रूप से घायल हो गया। जिसके बाद उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया है। वहीं, घायल कार्यकर्ता का हाल जानने सिंधिया अस्पताल पहुंचे।

मामला मध्यप्रदेश के रीवा है। बुधवार केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया MPCA के मैदान का उद्घाटन करने इटौरा पहुंचे। यहां उन्होंने कार्यकर्ताओं के उत्साहवर्धन के लिए बल्ला थाम लिया। फिर क्या था, उन्होंने एक से एक शॉट लगाए।

क्रिकेट खेलते समय सिंधिया ने एक बॉल पर उठाकर मारा। गेंद हवा में चली गई। बीजेपी युवा मोर्चा का मंडल उपाध्यक्ष विकास मिश्रा बॉल के नीचे आकर कैच पकड़ने की कोशिश कर रहा था, तभी कैच छूट गया और बॉल उसकी आंख के उपरी हिस्से में लग गई। वह वहीं पर गिर पड़े। जिसके बाद खुद सिंधिया ने कार्यकर्ता को उठाया। फिर एंबुलेंस की मदद से अस्पताल पहुंचाया। केंद्रीय मंत्री सिंधिया हादसे के बाद घायल कार्यकर्ता का हालचाल जानने अस्पताल भी पहुंचे।

भारतीय जनता युवा मोर्चा के दीनदयाल नगर मंडल के अध्यक्ष धीरेंद्र द्विवेदी ने बताया कि MPCA के मैदान के उद्घाटन के दौरान केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया क्रिकेट खेल रहे थे। इस दौरान राजेन्द्र सिंह कटहा ने बालिंग की। तभी मैदान में फील्डिंग कर रहे भाजयुमो के दीनदयाल नगर मंडल उपाध्यक्ष विकास मिश्रा 26 वर्ष निवासी अनंतपुर के सिर में गेंद लग गई है। घायल विकास मिश्रा सर्जरी वार्ड में भर्ती है, जहां उसका इलाज चल रहा है। फिलहाल उनकी हालत स्थिर बताई जा रही है।

Back to top button