अध्यातम

धनतेरस पर घर लाए ये सामान, नहीं होगी धन की कमी, जानें कब क्या खरीदना होगा शुभ….

रायपुर 22 अक्टूबर 2022 : इस साल धनतेरस में सिद्धि सर्वार्थ और त्रिपुष्कर योग समेत कई शुभ संयोग बन रहे हैं। इसमें किचन का सामान, वाहन, आभूषण आदि खरीदना बहुत ही शुभ रहेगा। 18 अक्तूबर को पुष्य नक्षत्र से बाजार में उल्लास, रौनक दिखने लगी है। धनतेरस से ही दीपावली पर्व की धूमधाम शुरू हो जाएगी। 22 अक्तूबर को 6:02 बजे त्रयोदशी लगेगी। 23 अक्तूबर की शाम 6:03 बजे तक खरीदारी की जा सकती है।

उत्थान ज्योतिष संस्थान के निदेशक पं. दिवाकर त्रिपाठी ने बताया कि शनिवार का दिन और द्वादशी युक्त त्रयोदशी है। पूर्वा फाल्गुनी नक्षत्र दिवा 1:30 बजे तक पश्चात उत्तरा फाल्गुनी नक्षत्र मिलने के कारण इस वर्ष त्रिपुष्कर योग बन रहा है जो कि अत्यंत ही शुभ माना जाता है। इस शुभ संयोग में वस्तुओं की खरीदारी करना, सांयकाल में लक्ष्मी, गणेश आदि का पूजन करना विशेष फलदायी होता है।

पंडित ने बताया कि आज के दिन कुबेर, गणेश व लक्ष्मी जी के पूजन का विधान हमारे शास्त्रों में बताया गया है। व्यापारी वर्ग को चाहिए कि धन त्रयोदशी के दिन ही अपने व्यापारिक स्थल पर स्थिर लग्न व गोधूलि बेला वृष लग्न में पूजन करें जो सायं 6:44 से 8:41 तक व रात्रि काल सिंह लग्न रात्रि 1:12 से 03:26 बजे तक है। इस लग्न में गणेश लक्ष्मी व कुबेर जी का पूजन करें जिससे पूरे वर्ष व्यापार में बढ़ोतरी होती रहती है और लक्ष्मी गणेश व कुबेर जी की कृपा सदैव बनी रहती है।

ज्योतिष के अनुसार धनतेरस के दिन धातुओं से जुड़ा सामान ही खरीदना चाहिए। पांच में से किसी एक धातु की सामग्री खरीदना शुभ माना जाता है। महिलाओं को आभूषण खरीदने चाहिए। युवा और विद्यार्थियों को धनतेरस के दिन काले रंग की कलम और नोटबुक या एक कॉपी जरूरी खरीदनी चाहिए। भगवान गणेश लक्ष्मी का ध्यान करके उसका पूजन करना चाहिए।

23 अक्तूबर को धनतेरस में किचन के बर्तन, कुर्सी, मेज, आभूषण, कलश, वाहन के साथ जमीन, मकान भी खरीदा जा सकता है।

24 अक्तूबर को नरक चतुर्दशी और दीपावली है। साल का यह सबसे बड़ा त्योहार है। इस दिन मां लक्ष्मी की पूजा कर दीप जलाएं। जैन समाज इस दिन भगवान महावीर स्वामी का निर्वाण दिवस मनाएगा।

Back to top button