हेडलाइन

CG-LIVE VIDEO, 7 लोगों की मौत: भीषण सड़क हादसा, स्कार्पियो ने ऑटो को मारी टक्कर, अब तक 7 की मौत, कईयों की हालत नाजुक

जगदलपुर 26 जनवरी 2024। गणतंत्र दिवस के दिन भीषण सड़क हादसे की खबर आयी है। घटना में 7 लोगों की मौत हुई है। हादसा छत्तीसगढ़-ओड़िशा सीमा पर हुआ है। हादसा उस वक्त हुआ, जब ऑटो को तेज रफ्तार स्कार्पियो ने टक्कर मार दी। घटना में अब तक 7 लोगों की मौत हो गयी है। मौके पर ही तीन लोगों की मौत हो चुकी थी, जबकि चार लोगों ने अस्पताल में दम तोड़ा। पुलिस सूत्रों के मुताबिक ऑटो में कुल 15 लोग सवार थे, जिसमें से 7 लोगोें की मौत हो चुकी है, 8 लोगों की हालत नाजुक बतायी जा रही है।

जानकारी के मुताबिक जगदलपुर शहर से सटे ओड़िशा के बोरीगुमा में ये भीषण हादसा हुआ। जगदलपुर की स्कार्पियो ने ओड़िशा के ऑटो को टक्कर मार दी। घटना में स्कार्पियो सवार सभी लोग सुरक्षित हैं, वहीं घटना में बाइक सवार एक व्यक्ति की भी मौत हुई, जबकि छह लोग ऑटो में सवार थे। घटना के बाद मौके से स्कार्पियो का ड्राइवर फरार हो गया। घटना का एक सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया है।

हादसे के बाद स्थानीय लोगों ने तुरंत ही घायल को अस्पताल पहुंचाया। जहां इलाज के दौरान 4 और लोगों की मौत हो गयी। कुछ लोगों की हालत अभी भी नाजुक बनी हुई है। पुलिस आरोपी स्कार्पियो ड्राइवर की तलाश कर रही है। हादसे के वक्त ऑटो में 15 लोग सवार थे। पुलिस घटना की जांच में जुटी है।

Back to top button