CG-हवा में फेल हुआ अलायंस एयर का इंजन, 54 यात्रियों की अटकी सांसें; दिल्ली एयरपोर्ट पर कराई गई इमरजेंसी लैंडिंग

बिलासपुर 12 सितंबर 2026। बिलासपुर से प्रयागराज होते हुए दिल्ली जा रहे अलायंस एयर के विमान का एक इंजन हवा में फेल हो गया। इंजन में आई तकनीकी खराबी के बाद विमान में सवार 54 यात्रियों और क्रू मेंबर्स की जान सांसत में आ गई। पायलट ने स्थिति को संभालते हुए विमान को दिल्ली के इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट पर सुरक्षित इमरजेंसी लैंडिंग कराई। विमान में सवार सभी यात्रियों और क्रू को सुरक्षित बचा लिया गया।
प्रयागराज से दिल्ली जाते समय आई खराबी
जानकारी के मुताबिक अलायंस एयर की उड़ान संख्या 9I698 शुक्रवार सुबह करीब 10:45 बजे बिलासपुर से प्रयागराज के लिए रवाना हुई थी। विमान ने करीब 11:58 बजे प्रयागराज एयरपोर्ट पर लैंडिंग की। इसके बाद दोपहर 12:33 बजे विमान ने प्रयागराज से नई दिल्ली के लिए उड़ान भरी।
प्रयागराज से दिल्ली के रास्ते में मेरठ के आसपास विमान में तकनीकी खराबी सामने आई। विमान के दो इंजनों में से एक इंजन के काम करना बंद करने के बाद पायलट ने एहतियात बरतते हुए दिल्ली एयरपोर्ट पर इमरजेंसी लैंडिंग का फैसला लिया।
54 यात्री और क्रू थे सवार
इमरजेंसी लैंडिंग के दौरान विमान में क्रू मेंबर्स समेत कुल 54 लोग सवार थे। विमान के दिल्ली एयरपोर्ट पर सुरक्षित उतरने के बाद सभी यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया। घटना के बाद एयरपोर्ट और विमानन अधिकारियों में भी हड़कंप मच गया।
दो सप्ताह में अलायंस एयर की दूसरी गंभीर घटना
अलायंस एयर की इस उड़ान में तकनीकी खराबी की घटना करीब दो सप्ताह के भीतर दूसरी गंभीर घटना बताई जा रही है। इससे पहले 28 अगस्त को दिल्ली से बिलासपुर पहुंची अलायंस एयर की उड़ान संख्या 9I613 के लैंडिंग के दौरान विमान का बायां टायर रनवे पर फट गया था।
टायर फटने के बाद विमान के पहिए से चिंगारी उठी और तेज घर्षण हुआ था। हालांकि पायलट ने सूझबूझ दिखाते हुए विमान को सुरक्षित नियंत्रित कर लिया था। उस विमान में 37 यात्री और 4 क्रू मेंबर्स सवार थे।
डीजीसीए ने जांच के दिए आदेश
हवा में इंजन फेल होने की घटना को गंभीरता से लेते हुए नागर विमानन महानिदेशालय (DGCA) ने जांच के आदेश दिए हैं। जांच में यह पता लगाया जाएगा कि इंजन में तकनीकी खराबी किस वजह से आई और उड़ान से पहले विमान की तकनीकी जांच में किसी तरह की कमी तो नहीं रह गई थी।
जांच रिपोर्ट के आधार पर विमान के मेंटेनेंस और सुरक्षा व्यवस्था को लेकर आगे की कार्रवाई की जा सकती है।
सम्बंधित खबरें

CG-दिनदहाड़े 12वीं के छात्र का कार से अपहरण, भिलाई ले जाकर बेरहमी से पीटा;...
6 minutes पहले
विरोध और प्रशासनिक शिकायत के बावजूद शंकर नगर चौक में गणेश पंडाल का निर्माण...
14 minutes पहले
CG-स्कूल जाने निकली दूसरी कक्षा की बच्ची की बस से कुचलकर मौत, सोनहत में...
1 hour पहले




















