हेडलाइन

CG: एक्शन में कलेक्टर,सिम्स में घटिया खाने की सप्लाई पर भड़के कलेक्टर, कैटरर्स पर ठोंका एक लाख का जुर्माना…

बिलासपुर 29 दिसंबर 2023। बिलासपुर सिम्स अस्पताल की बदहाली पर हाईकोर्ट की फटकार के बाद अफसर एक्शन मोड पर है। कलेक्टर अवनीश शरण ने अस्पताल का निरीक्षण मरीजों को खाना देने वाले ठेका कंपनी को जमकर फटकार लगायी। घटिया स्तर का खाना परोसने को लेकर कलेक्टर ने ठेकेदार पर एक लाख रुपए का जुर्माना लगाने के निर्देश दिया हैं। कलेक्टर के इस एक्शन के बाद सिम्स प्रबंधन में हड़कंप मचा हुआ है। आपको बता दे कि गुरूवार को ही हाईकोर्ट ने सिम्स में व्याप्त अव्यवस्था को लेकर अस्पताल के डीन को कड़ी फटकार लगायी थी।

गौरतलब है कि न्यायधानी बिलासपुर में सबसे बड़े सिम्स अस्पताल का हाल लंबे वक्त से बेहाल है। अस्पताल में इलाज से लेकर मरीजों को परोसे जाने वाले खाने के साथ ही दवाईयों की कमी से मरीज और परिजन हलाकान है। सरकारी अस्पताल में व्याप्त इस अव्यवस्था पर हाईकोर्ट ने संज्ञान लेकर अस्पताल के डीन और कलेक्टर अवनीश शरण को भुलाया गया था। हाईकोर्ट के चीफ जस्टिस के सवालों पर संतोषजनक जवाब नही मिलने पर डीन को कड़ी फटकार भी लगायी गयी थी। जिसके बाद कलेक्टर अवनीश शरण ने गुरूवार की देर शाम ही सिम्स अस्पताल का औचक निरीक्षण करने पहुंचे। इस दौरान उन्होंने विभिन्न वार्डों का निरीक्षण किया और मरीज और उनके परिजनों से चर्चा की, इसके साथ ही सिम्स में मिलने वाली सुविधाओं की जानकारी ली।

निरीक्षण के दौरान कलेक्टर अवनीश शरण ने मरीजों को दिए जाने वाले भोजन को खुद चखकर उसकी गुणवत्ता की जांच की। उन्होंने मरीजों को घटिया भोजन परोसने पर कड़ी नाराजगी जाहिर की। कलेक्टर ने मौके पर ही भोजन आपूर्ति करने वाले ठेकेदार की जानकारी ली गयी। इस दौरान फिलिप्स कैटरर्स के पास भोजन आपूर्ति का ठेका होने की जानकारी मिलते ही कलेक्टर ने ठेकेदार पर एक लाख रुपए का जुर्माना लगाने का निर्देश दिया गया। साथ ही चेतावनी देते हुए कहा कि मरीजों की भोजन की गुणवत्ता से समझौता नहीं किया जाएगा। निरीक्षण के दौरान कलेक्टर अवनीश शरण ने सिम्स प्रबंधन को दो टूक शब्दों में कहा है कि अब किसी भी हालत में डॉक्टर और स्टाफ की मनमानी और लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

उन्होंने सिम्स के डीन को लंबे समय से पदस्थ डॉक्टरों की सूची बनाने के निर्देश दिए हैं। साथ ही यह भी पूछा कि कौन सा डॉक्टर और स्टाफ कब से पदस्थ है, इसकी भी जानकारी दी जाए। कलेक्टर ने मनमानी और लापरवाही करने वाले डॉक्टर और स्टाफ पर भी कार्रवाई करने की चेतावनी दी है। अस्पताल के निरीक्षण के दौरान कलेक्टर अवनीश शरण ने अस्पताल में भर्ती किसी भी मरीजों को कोई असुविधा नहीं होने की चेतावनी दी है। इसके साथ ही उन्होंने ओपीडी में भी अव्यवस्था और मरीजों की भीड़ बढ़ने पर काउंटर बढ़ाकर टोकन सिस्टम लागू करने के सख्त निर्देश दिये है।इसी तरह मरीजों की भीड़ बढ़ने की स्थिति में उनके बैठने के लिए अतिरिक्त चेयर की व्यवस्था करने के निर्देश डीन को दिये है।

Back to top button