क्राइम

CG CRIME अपडेट: हत्या के मामले में बैगा गिरफ्तार- बीमार शख्स को गर्म त्रिशुल से दागा, शख्स की मौत के बाद पुलिस ने लिया एक्शन

बिलासपुर 1 नवंबर 2022। बिलासपुर जिला में अंधविश्वास में झाड़-फूक कर एक बीमार शख्स को गर्म त्रिशुल से कई बार दागा गया। शरीर में इंफेक्शन बढ़ने के बाद उस शख्स की मौत हो गयी। इस मामले में अब पुलिस ने बैगा के खिलाफ हत्या का अपराध दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया हैं।

पूरा घटनाक्रम बिलासपुर जिला के मस्तूरी थाना के मल्हार चौकी क्षेत्र की है। जानकारी के अनुसार रतनपुर क्षेत्र के ग्राम पोड़ी निवासी फेकूराम निर्मलकर मानसिक रूप से बीमार था। पिछले कुछ महीनों से उसकी पत्नी गंगाबाई उसका इलाज करा रही थी। इस दौरान उसके स्वास्थ्य में सुधार नहीं हुआ। इस बीच मल्हार क्षेत्र के ग्राम जूनवानी में रहने वाले उसके रिश्तेदार लीला रजक ने गंगाबाई को उसके पति पर प्रेत बाधा होने का दावा किया गया। बैगा लीला रजक झाड़ फूक का काम करता हैं। बताया जा रहा हैं कि लीला रजक ने अपने झाड़-फूंक से फेकूराम को ठीक करने का दावा किया।

बैगा लीला रजक की बातों में गंगाबाई अपने पति का झाड़-फूंक कराने के लिए 23 अक्टूबर को ग्राम जूनवानी गई। यहां वह चार दिनों तक तक रिश्तेदार लीला रजक के यहां रही। इस दौरान लीला रजक तंत्र-मंत्र और झाड़ फूंक कर त्रिशूल को गर्म कर फेकूराम के शरीर के अलग-अलग हिस्सों को जलाता रहा। चार दिन तक इस तरह से त्रिशूल से जलाये जाने से उसके शरीर में फफोले पड़ गए और उसकी तबीयत और बिगड़ गई। इसके बाद गंगाबाई अपने पति को लेकर वापस पोड़ी आ गई। जहां उसे इलाज के लिए रतनपुर अस्पताल ले जाया गया।

यहां 31 अक्टूबर को इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। फेकूराम की मौत की सूचना पर पुलिस ने उसके शव का पोस्टमार्टम कराया। इस दौरान डॉक्टर ने पुलिस को बताया कि जलने से शरीर में हुए इन्फेक्शन से उसकी मौत हुई है। लिहाजा पुलिस ने जांच में लीला रजक द्वारा झाड़ फूक के दौरान जलाये जाने की जानकारी सामने आने के बाद आज उसे गिरफ्तार कर लिया गया। आरोपी लीला रजक के खिलाफ धारा 302 के तहत हत्या का केस दर्ज कर पुलिस ने आरोपी को न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया हैं।

Back to top button