क्राइम

CG- जीजा-साले की मौत : पिकअप और स्कूटी में भिड़ंत,टक्कर के बाद 5 किमी तक स्कूटी को घसीटते हुए ले गई पिकअप, दुर्घटना में 2 की मौत

दुर्ग 10 अक्टूबर 2023। दुर्ग जिला में सड़क दुर्घटना का खौफनाक विडियों सामने आया है। घटना रविवार की बतायी जा रही है, जब एक स्कूटी में सवार जीजा-साले को पिकअप के चालक ने टक्कर मार दी। टक्कर इतनी तेज थी कि स्कूटी सवार दोनों शख्स के पैर कट गये और पिकअप के सामने के हिस्से में स्कूटी फंस गयी। बावजूद इसके पिकअप का चालक गाड़ी रोकने के बजाये गाड़ी को तेज रफ्तार से भगाता रहा। इस दर्दनाक हादसे में स्कूटी सवार दोनों शख्स की मौत हो गयी। वहीं घटना के दो दिन बाद भी आरोपी पिकअप का चालक गिरफ्तार नही हो सका है, जिसे लेकर परिवार में आक्रोश है।

जानकारी के मुताबिक घटना रविवार रात 11 बजे की बतायी जा रही है। बताया जा रहा है कि नेवई भाठा निवासी दीपक गुप्ता कॉन्ट्रैक्टर कॉलोनी में रहने वाले अपने अपने साले चंदन गुप्ता के साथ रविवार रात स्कूटी से घर लौट रहे थे। रात करीब 11 बजे के लगभग दोनों घर की तरफ लौट रहे थे, तभी मरोदा ब्रिज के ऊपर सामने से आ रही तेज रफ्तार पिकअप ने स्कूटी चपेट में लेकर जोरदार टक्कर मार दी।टक्कर इतनी तेज थी कि दीपक और चंदन दोनों के पैर कट गए। घटनास्थल पर ही दोनों लहूलुहान हालत में सड़क पर ही गिर गए। स्कूटी पिकअप के सामने के हिस्से में फंस गई। लेकिन पिकअप के चालक ने गाड़ी को रोकना मुनासिब नही समझा।

दुर्घटना के बाद आरोपी पिकअप का चालक स्कूटी को घसीटते हुए करीब 5 किमी दूर ले गया। पूरी सड़क पर चिंगारी निकलती रही, जिसका राहगीरों ने वीडियो बना लिया। सड़क दुर्घटना में मृत चंदन की दो बेटी है, जबकि चंदन के जीजा दीपक गुप्ता के तीन बच्चे हैं। परिजनों ने दावा किया है कि दुर्घटना के समय स्कूटी में लगभग एक से डेढ़ लाख रुपए भी थे। इसमें कुछ रुपए पुलिस को मिले, लेकिन बाकी की रकम का पता नहीं चल सका है। घटना का वीडियो बनाने वाले मनोज नामक शख्स ने बताया कि हादसा होते देख उसने तेज रफ्तार से बाइक चलाकर इस घटना को मोबाइल से रिकार्ड किया। पिकअप चालक काफी तेज गति से गाड़ी को चला रहा था।

उसने बताया कि इस दौरान सेक्टर 5 में उसने ड्यूटी पर तैनात कुछ पुलिस वाले भी मिले। उनसे पिकअप को पकड़ने की बात भी कही, लेकिन पुलिस वालों ने पिकअप को पकड़ने की जगह उसे ही पकड़ने की बात कहकर चलता कर दिया। इस घटना की जानकारी पुलिस को देने के बाद भी पुलिस की उदासीनता को लेकर लोगों में गहरा आक्रोश है। भिलाई निगम के नेता प्रतिपक्ष भोजराज सिन्हा ने पुलिस की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाते हुए कहा कि पुलिस दो दिन बीत जाने के बाद भी आरोपियों को पकड़ नहीं पाई है। पिकअप पुलिस के सामने से गुजरी, इसके बाद भी उसे नहीं रोका। फिलहाल पुलिस ने इस दुर्घटना में प्राथमिकी दर्ज कर फरार पिकअप चालक की पतासाजी कर जल्द गिरफ्तार कर लेने की बात कह रही है।

Back to top button