हेडलाइन

CG- पूर्व मुख्यमंत्री रमन सिंह “सीएम हाउस” में रहेंगे, जानिये सीएम विष्णुदेव साय व नेता प्रतिपक्ष का बंगला कहां होगा ?

रायपुर 26 दिसंबर 2023। पूर्व मुख्यमंत्री रमन सिंह “सीएम हाउस” में रहेंगे ! सुनकर चौकिये मत, ये हकीकत है। दरअसल छत्तीसगढ़ का मौजूदा मुख्यमंत्री निवास अब जल्द ही विधानसभा अध्यक्ष का निवास बन जायेगा। जबकि विष्णुदेव साय बतौर मुख्यमंत्री नया रायपुर के नवनिर्मित सीएम हाउस में रहेंगे। जानकारी के मुताबिक नया रायपुर में बन रहा मुख्यमंत्री निवास, लगभग तैयार हो गया है। खरमास के बाद मुख्यमंत्री नये सीएम हाउस में शिफ्ट हो जायेंगे तब तक वो पहुना में ही अस्थायी सीएम हाउस रहेंगे। रायपुर के निर्माणाधीन सीएम हाउस को पूरी तरह से तैयार करने के लिए 31 दिसंबर तक का अल्टीमेटम दे दिया गया है।

आपको बता दें कि 13 दिसंबर को विष्णुदेव साय ने प्रदेश के नये मुख्यमंत्री के रूप में शपथ ली थी, उसके बाद से ही वो पहुना गेस्ट हाउस में बनाये गये अस्थायी मुख्यमंत्री निवास में रूके हुए हैं। वहीं शपथ ग्रहण के अगले ही दिन 14 दिसंबर को मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय की पत्नी नया रायपुर में तैयार हो रहे नये सीएम हाउस को देखने के लिए पहुंची थी। तभी से ये माना जाने लगा था कि पुराने सीएम हाउस के बजाय मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय नये सीएम हाउस में ही शिफ्ट होंगे। छत्तीसगढ़ के नए मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय राज्य के पहले मुख्यमंत्री होंगे जो सिविल लाइन के सीएम हाउस में नहीं रहेंगे। वे नवा रायपुर में बने मुख्यमंत्री निवास में शिफ्ट होंगे। अभी तक मुख्यमंत्री रहे स्वर्गीय अजीत जोगी, डॉ. रमन सिंह और भूपेश बघेल इसी बंगले में रहे हैं।

अब ये खबर मिल रही है कि छत्तीसगढ़ का मौजूदा मुख्यमंत्री निवास जल्द ही विधानसभा अध्यक्ष निवास बनेगा। आज के “सीएम हाउस” में रमन सिंह बतौर विधानसभा अध्यक्ष रहेंगे। आपको बता दें कि 15 साल तक मुख्यमंत्री रहे रमन सिंह इसी सीएम हाउस में रहे थे। अब फिर से 5 साल बाद वो उसी बंगले में शिफ्ट होंगे। ये बात अलग है कि तब वो मुख्यमंत्री निवास कहलाता था, अब वो विधानसभा अध्यक्ष का बंगला बन जायेगा। चर्चा ये भी है कि मुख्यमंत्री के नया रायपुर में शिफ्ट होते ही जल्द ही मंत्री भी नया रायपुर में शिफ्ट हो जायेंगे।

एक जानकारी ये भी है कि मौजूदा नेता प्रतिपक्ष चरणदास महंत अभी फिलहाल अपने उसी बंगले में रहेंगे। महंत का पुराना विधानसभा अध्यक्ष बंगला अब नेता प्रतिपक्ष का बंगला बन जायेगा। अभी इस बंगले में पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल रह रहे हैं। उन्होंने शंकरनगर स्थित पूर्व मंत्री जयसिंह अग्रवाल का बंगला मांगा है। उन्हें अभी बंगला नहीं मिला है। इस वजह से उन्होंने सीएम हाउस नहीं छोड़ा है। जयसिंह का बंगला ​मिलते ही वे सीएम हाउस छोड़ देंगे। हालांकि अभी तक दोनों बंगलों को खाली और शिफ्टंग करने की कोई समय सीमा तय नहीं की गई है।

Back to top button