पॉलिटिकलहेडलाइन

CG MINISTER: CM साय कैबिनेट में सबसे कम उम्र की मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े,दो बार के विधायक को रिकार्ड मतो से हराया,जानिये लक्ष्मी राजवाड़े का महिला मोर्चा से मंत्री तक का सफर….

रायपुर 22 दिसंबर 2023। छत्तीसगढ़ में मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के मंत्रिमंडल का शपथ कुछ देर बाद शुरू होगा। मंत्रिमंडल में शपथ लेने वाले विधायकों में सबसे कम उम्र की विधायक लक्ष्मी राजवाड़े का नाम भी शामिल है, जो कि अब साय कैबिनेट में सबसे कम उम्र की मंत्री होंगी। आपको बता दे महिला मोर्चा से अपनी राजनीति की शुरूवात करने वाली लक्ष्मी राजवाड़े ने दो बार के कांग्रेस विधायक को हराकर जीत दर्ज की। पहली बार विधायक बनी लक्ष्मी राजवाड़े को खुद मुख्यमंत्री साय ने काॅल कर मंत्री पद की शपथ की सूचना दी। जिसके बाद से लक्ष्मी राजवाड़े के परिवार और क्षेत्र में समर्थक खुशी मना रहे है।

गौरतलब है कि अब से कुछ देर बाद ही राजभवन में मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय मंत्रिमंडल के 9 मंत्री शपथ लेंगे। साय कैबिनेट में शामिल 9 मंत्रियों की सूचनी में 4 पूर्व मंत्रियों के साथ ही 5 नये चेहरों को मंत्री मंडल में इस बार स्थान दिया गया है। इनमें पहली बार चुनाव जीतकर आने वाले पूर्व IAS ओ.पी.चौधरी,टंकराम वर्मा के साथ ही लक्ष्मी राजवाड़े का नाम शामिल है। इन तीनों नामों में सबसे खास नाम लक्ष्मी राजवाड़े का है। जो कि महज 31 साल की उम्र में पहली बार विधायक बनते ही साय मंत्रिमंडल में आज शपथ लेंगी।

साल 1992 में जन्मी 31 साल की लक्ष्मी राजवाड़े बुधवार तक भारतीय जनता पार्टी की विधायक थी। लेकिन गुरुवार को मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय की घोषणा के बाद इन्हें मंत्री बनाने का फैसला लिया गया। लक्ष्मी राजवाड़े की राजनीतिक सफर पर गौर कर तो वे जिला पंचायत सदस्य रहते हुए क्षेत्र के लोगों के बीच अपनी मजबूत पकड़ बनायी। इसके साथ ही पार्टी ने उन्हे महिला मोर्चा का जिलाध्यक्ष बनाया। युवा महिला नेत्री होने के कारण उनकी क्षेत्र में मजबूूत पकड़ को देखते हुए पार्टी ने उन पर दोबारा भरोसा जताते हुए भटगांव विधानसभा से टिकट दिया था।

जिस पर लक्ष्मी राजवाड़े ने पार्टी के भरोसे को कायम रखते हुए कांग्रेस के 2 बार के विधायक रहे पारस नाथ राजवाड़े को करीब 44 हजार वोटों के बड़े अंतर से हराकर रिकार्ड जीत दर्ज की। लक्ष्मी राजवाड़े का नाम मंत्रिमंडल में शामिल होने की जानकारी के बाद वो अपने समर्थको के साथ राजधानी रायपुर पहुंची। यहां उन्होने शपथ ग्रहण से ठीक पहले अपने कार्यकर्ताओं के साथ रायपुर के वीआईपी रोड स्थित राम मंदिर पहुंची। जहां उन्होंने पूजा अर्चना कर भगवान राम से आशीर्वाद लिया।

Back to top button