क्राइम

CG: उधार दिये पैसें मांगने पर हत्या,आरोपियों ने पीट-पीटकर किसान को उतारा मौत के घाट,घटना के बाद सभी आरोपी फरार

कोरबा 24 अगस्त 2023। कोरबा में एक किसान को अपने परिचित से उधार में दिये पैसें मांगना भारी पड़ गया। बताया जा रहा हैं कि ओमप्रकाश नामक शख्स ने अपने परिचित को ट्रैक्टर खरीदने के लिए पैसें उधार दिये थे। लेकिन जब वह अपना पैसा मांगने उसके घर पहुंचा, तो ग्रामीण ने साथियों के साथ मिलकर ओमप्रकाश की पीट-पीटकर हत्या कर दी। पुलिस ने इस घटना पर हत्या का अपराध दर्ज कर वारदात में शामिल आरोपियों की सरगर्मी से तलाश कर रही हैं।

हत्या की ये वारदात कुसमुंडा थाना क्षेत्र के तेंदुवाही गांव का है। जानकारी के मुताबिक गांव में रहने वाला ओमप्रकाश मूल रूप से किसानी का काम करता था। बताया जा रहा हैं कि ओमप्रकाश राजवाड़े ने बिरदा गांव में रहने वाले अपने परिचित मुंडा यादव को ट्रैक्टर खरीदने के रुपए उधार दिए थे। लेकिन ट्रैक्टर खरीदने के काफी वक्त बाद भी मुंडा यादव पैसे वापस नहीं लौटा रहा था। आरोप हैं कि मुंडा यादव ने ओमप्रकाश का फोन उठाना भी बंद कर दिया था। बुधवार को मोबाइल रिसीव नही करने पर अपने उधार दिये पैसों की मांग करने ओमप्रकाश बिरदा गांव मुंडा यादव से मिलने गया।

यहां दोनों के बीच पैसों को लेकर विवाद हो गया। इस बीच मुंडा यादव के कुछ साथी भी मौके पर पहुंच गए और सबने मिलकर ओमप्रकाश की डंडे और हाथ-पैर से जमकर पिटाई कर दी। हमले में ओमप्रकाश गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना के बाद मुख्य आरोपी और उसके साथी जहां फरार हो गए। वहीं परिजनों को जैसे ही घटना की जानकारी मिली, वे मौके पर पहुंचे और गंभीर रूप से घायल किसान को कोरबा के निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया। जहां इलाज के दौरान ओमप्रकाश की मौत हो गयी। इसके बाद परिजनों ने पुलिस को इस घटना की जानकारी दी। मौके पर पहुंची सिविल लाइन पुलिस ने मेडिकल कॉलेज अस्पताल में युवक के शव का पोस्टमॉर्टम करवाया गया।

सिविल लाइन पुलिस ने इस मामले में मर्ग कायम कर लिया है। सिविल लाइन पुलिस ने बताया कि इस घटना पर पीड़ित परिवार का बयान दर्ज किया गया हैं। घटना कुसमुंडा थाना क्षेत्र में हुई है। इसलिए संबंधित थाने को भी घटना की जानकरी दे दी गयी हैं। हत्या के इस मामले में कुसमुंडा पुलिस को जानकारी मिलने के बाद आरोपियों की पतासाजी की जा रही हैं। बताया जा रहा हैं कि ओमप्रकाश की मौत की खबर के बाद से सभी आरोपी फरार हैं। जल्द ही पुलिस इस मामले में हत्या का अपराध दर्ज कर आरोपियोें की धरपकड़ करेगी।

Back to top button