हेडलाइन

CM और डिप्टी CM ने घोषित की संपत्ति, CM से ज्यादा धनवान उनके मंत्री….मुख्मंत्रीं के पास है 12 गायें और 10 बाछा-बाछी….

पटना 01 जनवरी 2022: मुख्यमंत्री नीतीश कुमार समेत बिहार सरकार के 31 मंत्रियों ने अपनी संपत्ति की घोषणा कर दी है। वर्ष 2022 के अंतिम दिन शनिवार को इसका ब्योरा बिहार सरकार के मंत्रिमंडल सचिवालय विभाग की आधिकारिक वेबसाइट पर सार्वजनिक की गई है। इसके मुताबिक संपत्ति के मामले में सीएम नीतीश कुमार से ज्यादा समृद्ध उनके कई मंत्री हैं। मुख्यमंत्री के पास जहां 12 गायें और दस बाछा- बाछी हैं वहीं, दिल्ली के द्वारका में एक फ्लैट है। उपमुख्यमंत्री तेजस्वी यादव के छह बैंक खातों में 65 लाख जमा हैं। राज्य सरकार के मंत्रियों में तीन के पास 10 करोड़ से अधिक की संपत्ति है। वहीं, महिला मंत्री में शीला कुमारी और उनके पति के पास छह करोड़ से अधिक की संपत्ति है।

मुख्यमंत्री के पास 12 गाय, दिल्ली में फ्लैट
मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के पास 16 लाख 68 हजार की चल और 58 लाख 85 हजार की अचल संपत्ति है। चल संपत्ति में नकद 28, 135, बैंक में 50 हजार और एक लाख चार हजार 600 की ज्वेलरी भी है। 12 गायें और दस बाछाबाछी हैं। 11 लाख 32 हजार की एक कार है। दिल्ली के द्वारका में एक फ्लैट है, जिसकी कीमत खरीदते समय 13.78 लाख थी, जिसकी बाजार कीमत अभी बढ़कर 58 लाख 85 हजार हो गई है। उनके पास यह एक मात्र अचल संपत्ति है। 13 हजार की एक एक्सरसाइज साइकिल है।

तेजस्वी यादव के पास चार करोड़ से अधिक की संपत्ति
उपमुख्यमंत्री तेजस्वी प्रसाद यादव के पास 75 हजार नकदी तो उनकी पत्नी राजश्री के पास सवा लाख है। बैंक से कोई लोन नहीं है। छह बैंक खातों में तेजस्वी के पास 65 लाख जमा है। बॉड, शेयर में पांच लाख 38 हजार जमा है। तेजस्वी के पास 200 ग्राम सोना है, जबकि राजश्री के पास 480 ग्राम सोना व दो किलो चांदी है। पटना व गोपालगंज में खेती की जमीन है। लगभग सवा दो करोड़ की गैरकृषि योग्य भूमि है।

आलोक मेहता से ज्यादा उनकी पत्नी के पास पैसे
नीतीश सरकार के भूमि सुधार एवं राजस्व मंत्री आलोक मेहता रिवाल्वर के शौकीन हैं। इनके पास 24.69 लाख, जबकि इनकी पत्नी के पास 48.87 लाख की चल संपत्ति है। बच्चों के नाम से 2.78 लाख रुपए की चल संपत्ति है। एक लाख रुपए नगद हैं। पति-पत्नी के पास 473 ग्राम सोना और 500 ग्राम चांदी है। इनके पास कृषि जमीन, तीन गाय और पत्नी के पास होंडा वैन है। खुद के पास 6.39 करोड़ और पत्नी के पास 1.36 करोड़ की अचल संपत्ति है।

शिक्षा मंत्री के पास 4.50 बीघा जमीन
शिक्षा मंत्री डॉ. चन्द्रशेखर को राइफल का शौक है। इनके पास 1.96 करोड़ की संपत्ति है। इसमें 91 लाख रुपए की चल जबकि 1.05 करोड़ की अचल संपत्ति है। राइफल के अलावा फार्चूनर और स्कार्पियो गाड़ी भी है। पटना के सगुना मोड़ में 55 लाख का एक प्लैट और मधेपुरा में 4.50 बीघा कृषि भूमि है।

अनिता के पास 1.24 करोड़
पिछड़ा-अति पिछड़ा वर्ग कल्याण मंत्री अनिता देवी के पास कुल 1.24 करोड़ की संपत्ति है। इसमें चल और अचल संपत्ति शामिल है। इनके पास 24 लाख की चल जबकि 1 करोड़ की अचल संपत्ति है। पास में स्कॉर्पियो गाड़ी व 175 ग्राम सोना है। 10.64 एकड़ कृषि भूमि है जिसकी कीमत 1 करोड़ है। इसके अलावा रोहतास में एक पुराना घर है।

लेसी सिंह के पास डेढ़ करोड़ की जमीन
खाद्य एवं उपभोक्ता संरक्षण मंत्री लेसी सिंह के पास 2.65 लाख रुपये कैश और बैंकों में करीब 15 लाख जमा हैं। फॉर्चुनर, बोलेनो, टाटा ट्रक समेत पांच गाड़ियां हैं, जिनकी कीमत 54 लाख से अधिक है। बेटा डेढ़ लाख की बुलेट पर चलता है। एक करोड़ से अधिक की अचल संपत्ति है। एक रायफल और एक 12 बोर की बंदूक भी है। जमीन के करीब 10 प्लॉट हैं, जिनकी कीमत करीब डेढ़ करोड़ है।

सर्वजीत की पत्नी के नाम पर होटल में निवेश
कृषि मंत्री कुमार सर्वजीत के नाम पर बैंकों में आठ लाख और पत्नी के नाम से करीब सवा दो लाख रुपये जमा है। पत्नी के नाम से आरके इंटरनेशनल होटल में 1.28 करोड़ का निवेश है। पटना, गया, बोधगया में सवा पांच करोड़ की अचल संपत्ति है।

अशोक चौधरी के परिवार के पास 4.42 करोड़ की संपत्ति
भवन निर्माण मंत्री अशोक चौधरी व उनके परिवार के सदस्य करीब 4.42 करोड़ रुपये की संपत्ति है। इनमें उनके नाम करीब 29 लाख रुपये का जीवन बीमा पॉलिसी है। मंत्री के नाम 16 लाख की टोयटा गाड़ी है। श्री चौधरी व उनकी पत्नी व बच्चों के पास 59 लाख रुपये के आभूषण है। श्री चौधरी के पास निवेश व ब्याज से प्राप्त होने वाले करीब 1.53 करोड़ रुपये की संपत्ति है।

स्कॉर्पियो के शौकीन हैं मुरारी प्रसाद गौतम
पंचायती राज मंत्री मुरारी प्रसाद गौतम स्कॉर्पियो गाड़ी के शौकीन हैं और इसके 2010 और 2021 के दो मॉडल की गाड़ी इनके पास है। दोनों की कीमत क्रमश 12 लाख व 20 लाख है। 1 लाख मूल्य की एक बाइक भी रखे हैं।

तेजप्रताप के पास बीएमडब्ल्यू कार और विदेशी बाइक
वन एवं पर्यावरण मंत्री तेजप्रताप यादव के पास एक लाख नकदी है। विभिन्न बैंक खातों में 40 लाख जमा है। तेजप्रताप के पास एक बीएमडब्ल्यू कार है जो 2012 की है। 15 लाख की मोटरसाइकिल है। 100 ग्राम सोना है। चल संपत्ति की कुल कीमत एक करोड़ 49 लाख 53 हजार है।

सुरेंद्र कई मकान के मालिक
सहकारिता मंत्री सुरेंद्र यादव के पास पत्नी मीना देवी से ज्यादा संख्या में गाड़ी है। मंत्री के पास 67 लाख की जिप्सी, फोर्ड इंडेवर और स्कॉर्पियो गाड़ियां हैं। पत्नी के पास सिर्फ 1.10 लाख की आई20 गाड़ी है। मंत्री के नाम से गया, पटना, दिल्ली में 10 से ज्यादा मकान और प्लॉट हैं।

मदन सहनी के पास 3 चार पहिया वाहन
समाज कल्याण मंत्री के पास 2.58 करोड़ की संपत्ति है। इसमें 96 लाख की चल और 1.62 करोड़ की अचल संपत्ति है। इसमें पत्नी और दोनों बच्चों की संपत्ति भी शामिल हैं। इनके पास स्कॉर्पियो, टाटा इंडिगो और एमजी हेक्टर गाड़ी है।

जयंत के खाते में 45 लाख 42 लाख के कर्जदार भी
लघु जल संसाधन मंत्री जयंत राज के चार बचत खाते में 45 लाख रुपए से अधिक जमा हैं। चार एफडी हैं और इनको मिलाकर राशि भी करीब चार लाख रुपए है। मंत्री ने तीन बैंकों से तकरीब 42 लाख रुपए ऋण ले रखे हैं।

मंत्री जितेन्द्र राय के पास 3.65 करोड़ की जमीन
कला संस्कृति मंत्री 34 लाख रुपए लोन ले रखे हैं। 20 लाख रुपए का ऋण इन्होंने एसबीआई विधानसभा ब्रांच से जबकि 14 लाख का लोन महिन्द्रा फाइनांस से गाड़ी के लिए लिये हैं। इनके पास कुल 3.65 करोड़ के जमीन-मकान हैं।

वित्तमंत्री के पास एक मारुति ऑल्टो कार
वित्त, वाणिज्यकर व संसदीय कार्य मंत्री विजय कुमार चौधरी के पास महज 80 हजार मूल्य की एक मारुति ऑल्टो कार है, जबकि उनके पास 50 हजार के ही जेवरात हैं। पति-पत्नी के पास क्रमश 41.36 लाख तथा 38.85 लाख रुपए चल संपत्ति है। नकद के मामले में मंत्री जी (25 हजार) से चार गुणा श्रीमती जी (1 लाख) के पास है। 52 लाख कीमत की कृषि योग्य भूमि है। पति-पत्नी के पास क्रमश 67 व 73 लाख की अचल संपत्तियां हैं।

श्रवण के पास है रिवाल्वर
ग्रामीण विकास मंत्री श्रवण कुमार ने पास एक रिवाल्वर और एक रायफल भी है। महिन्द्रा का एक 3.68 लाख कीमत का एक एक्सयूवी 500 है, बावजूद इसके 50 हजार मूल्य की एक एम्बेसेडर कार भी वे रखते हैं।

जमा खान के पास 67 लाख
मंत्री जमा खान के पास 67 लाख की संपत्ति है। इसमें चल और अचल संपत्ति शामिल है। इनके पास 37.49 लाख जबकि इनकी पत्नी के पास लगभग 6 लाख की संपत्ति है। इनके पास 3.11 एकड़ कृषि भूमि है।

स’ का संयोग सुखद
राजकाज में नाम के शुरुआत में ‘स’ हो तो सुख संपदा का संयोग ज्यादा बनता है। नीतीश सरकार के मंत्रियों द्वारा घोषित संपत्ति के ब्योरे में यह परिलक्षित होता है। ‘स’ नाम वाले चार मंत्रियों की संपत्ति पांच करोड़ से अधिक है। इनमें संजय झा, समीर महासेठ, सुरेन्द्र यादव, सर्वजीत और शीला कुमारी हैं। इनके अलावा भी दो मंत्री रामांनद यादव और अलोक मेहता भी हैं जिनके पास 5 करोड़ से ज्यादा की संपत्ति है।

संजय झा और उनकी पत्नी के पास करोड़ों की संपत्ति
जल संसाधन मंत्री संजय झा के हाथ में नकद महज 13 हजार 250 रुपए जबकि उनकी पत्नी के पास 23 हजार 800 रुपए हैं। हालांकि दोनों के पास करोड़ों की चल-अचल संपत्तियां हैं। मंत्री के बैंक खाते में 15.35 लाख, जबकि पत्नी के खाते में करीब सवा पांच करोड़ का एफडी है।

शीला मंडल व उनके पति के पास 12 लाख की ज्वेलरी
परिवहन मंत्री शीला कुमारी के पास 22.14 लाख की और उनके पति के पास 12 लाख की ज्वेलरी है। मंत्री के बैंक खाता में 8.44 लाख जमा है। नकद 47 हजार है। पटना मैनपुरा में 45 लाख का फ्लैट है। सुपौल में नौ लाख की कृषि भूमि है। गैर कृषि 1.65 करोड़ की भूमि है।

महासेठ 7 करोड़ के मालिक
उद्योग मंत्री समीर कुमार महासेठ व उनका परिवार सात करोड़ रुपये से अधिक की संपत्ति का स्वामी है। उनके व परिवार के पास नकद व बैंक खातों में 1 करोड़ 02 लाख की संपत्ति है।

सुमित पिस्टल के शौकीन
विज्ञान एवं प्रावैधिकी मंत्री सुमित कुमार सिंह के पास 82 हजार नकद तो उनकी पत्नी के पास एक लाख दो हजार नकदी है। विभिन्न बैंकों में 35 लाख से अधिक जमा है। 20 लाख का गहना है। जबकि एक राइफल व पिस्टल भी रखे हुए हैं।

Back to top button