पॉलिटिकलबिग ब्रेकिंग

CM भूपेश की मजदूरों के लिए बड़ी घोषणा : श्रमिक को दी सौगात, फिर मंत्रियों व जनप्रतिनिधियों संग खाया बोरे बासी …. CM बोले- “छत्तीसगढ़ी व्यंजन की प्रसिद्धि से बहुत गर्व महसूस कर रहा हूं”

रायपुर 1 मई 2022। मुख्यमंत्री आज मजदूर दिवस के मौके पर राजधानी में श्रमिक सम्मेलन में शामिल हुए। रायपुर बीटीआई मैदान में आयोजित सम्मेलन में मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने ना सिर्फ श्रमिकों को सौगात दी, बल्कि खुद भी श्रमिकों को बीच बोरे बासी खाकर श्रम शक्ति का सम्मान किया। इस दौरान मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने श्रमिकों के लिए कई बड़ी घोषणाएं की। मुख्यमंत्री ने कहा कि श्रमिक सियान योजना में एकमुश्त 10 हजार रूपए दिए जाएंगे।

वहीं, ई रिक्शा में महिलाओं को 50 हजार की जगह 1 लाख का अनुदान दिया जाएगा। वहीं बजट में जिस नोनी योजना के शुभारंभ करने की घोषणा मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने की थी, उसमें भी तीन साल की वृद्धि की जायेगी। पहले इसका लाभ 18 साल तक लड़कियों को मिलता था, अब उसे बढ़ाकर 21 साल कर दिया गया है। इस दौरान मुख्यमत्री भूपेश बघेल ने बोरे बासी को छत्तीसगढ़ की परंपरा और अस्मिता से जोड़ते हुए कहा कि उनकी अपील के बाद काफी लोगों ने बोरे बासी खाया भी है और उसे सोशल मीडिया में पोस्ट भी किया है।

मुख्यमंत्री ने इस दौरान श्रमिकों को संबोधित करते हुए श्रमिकों के कल्याण को लेकर राज्य सरकार के किये जा रहे कार्यक्रमों का जिक्र किया। मुख्यमंत्री ने कहा कि पहले गरीब के बच्चे इंग्लिश मीडियम स्कूल में पढ़ने की सोच भी नहीं सकते थे, लेकिन सरकार ने इंग्लिश मीडियम स्कूल खोला। पहले 40 से बढ़ाकर 50 सीट किया और अब जून से 50 नये स्कूल खोल रहे हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि

ये मजदूर दिवस बहुत खास हो गया है, मैने आह्वान किया था बोरे बासी खाने के लिए,आह्वान के बाद लोगों ने इसके बारे में जानकारी जुटाई, छत्तीसगढ़ी व्यंजन बोरे बारी को आज देश विदेश में लोग खा रहे हैं, आज छत्तीसगढ़ी व्यंजन की प्रसिद्धि से बहुत गर्व महसूस कर रहा हूं

Back to top button