हेडलाइन

CG-2 छात्राओं की मौत: मुख्यमंत्री ने जताया दुख, सहायता राशि का ऐलान… भीषण सड़क हादसे में दो छात्राओं की हुई मौत, दो की हालत गंभीर..

रायपुर/सारंगढ़-बिलाईगढ़ 26 मार्च 2023। भीषण सड़क हादसे में 2 छात्राओं की मौत पर मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने भी दुख जताया है। मुख्यमंत्री ने मृतक छात्रा के परिजनों को 25-25 हजार रूपए की तात्कालिक सहायता राशि उपलब्ध कराने का निर्देश दिया है। दरअसल रविवार सुबह तेज रफ्तार डंपर ने सड़क किनारे जा रही 6 बच्चियों को चपेट में लेकर कुचल दिया। हादसे में 2 बच्चियों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि 2 बच्चों की हालत गंभीर बताई जा रही है। वहीं 2 अन्य लड़कियों की हालात सामान्य है। वहीं इस दर्दनाक सड़क दुर्घटना के बाद नाराज ग्रामीणों ने चक्काजाम कर दिया।

मुख्यमंत्री ने 25-25 हजार रूपए की तात्कालिक सहायता के दिये निर्देश

मुख्यमंत्री श्री भूपेश बघेल ने सारंगढ़-बिलाईगढ जिला अंतर्गत सारंगढ़ तहसील के ग्राम बटाउपाली (ब) में हुई सड़क दुर्घटना में दो बालिकाओं की मृत्यु पर गहरा दुःख व्यक्त किया है। उन्होंने दुर्घटना में घायल बालिकाओं के त्वरित उपचार के निर्देश जिला प्रशासन के अधिकारियों को दिए हैं। मुख्यमंत्री के निर्देश पर दुर्घटना में मृत बालिकाओं के परिवारजनों को 25-25 हजार रूपए की तात्कालिक सहायता राशि उपलब्ध कराई गई है।प्राप्त जानकारी के अनुसार सारंगढ़ तहसील के ग्राम बटाउपाली (ब) में हुई सड़क दुर्घटना में 02 बलिकाओं की मृत्यु और 04 बालिकाएं घायल हो गयी। मृतक बालिका कविता सिदार पिता रुखमन सिदार उम्र 10 वर्ष एवं अंजू सिदार पिता सुखदेव सिदार उम्र 15 वर्ष की मृत्यु पर जिला प्रशासन द्वारा तत्काल सहायता के रूप में 25-25 हजार रूपए का चेक परिजनों को दिया गया। घायलों में राखी सिदार पिता प्रेम लाल सिदार उम्र 16 वर्ष को तत्काल मेडिकल कॉलेज रायगढ़ रेफर किया गया, जहां अस्पताल में भर्ती कर समुचित उपचार किया जा रहा है। अन्य घायल बलिकाओं डिंकी गोंड, अंतरा सिदार और भारती सिदार का सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सारंगढ़ में उपचार किया जा रहा है।

सड़क किनारे चल रही बच्चियों को कुचला

जानकारी के मुताबिक ये दर्दनाक सड़क हादसा सारंगढ़ के ग्राम बटाऊपाली गांव में आज सुबह के वक्त घटित हुआ। बताया जा रहा हैं कि 6 बच्चियां अपने परिवार के साथ पारिवारिक कार्यक्रम में गांव में आई हुई थीं। रविवार सुबह सभी पास के तालाब में नहाने के लिए घर से रवाना हुयी थीं। सभी बच्चियां नेशनल हाईवे रोड के किनारे पैदल तालाब की ओर रही थीं, तभी दानसरा से सालर के बीच बटाऊपाली में तेज रफ्तार बेकाबू डंपर ने सभी बच्चियों को अपनी चपेट में ले लिया। इस दर्दनाक हादसे में डंपर की चपेट में आकर 2 बच्चियों की मौके पर ही मौत हो गयी। वही इस घटना की जानकारी मिलते ही गांव में चीख-पुकार मच गई। घायल सभी बच्चियों को सारंगढ़ स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया।

जहां 2 बच्चियों को मृत घोषित कर दिया गया। वहीं गंभीर रूप से घायल 2 बच्चियों को प्राथमिक इलाज के बाद रायगढ़ मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया। वही 2 अन्य बच्चियों की हालत खतरे से बाहर बतायी जा रही है। मृत बच्चियों के नाम 10 वर्षीय कविता सिदार और 16 वर्षीय अंजू सिदार हैं। घायल नाबालिग लड़कियों का नाम 17 वर्षीय राखी सिदार, भारती सिदार, 10 वर्षीय डिंकी सिदार और 13 साल की अंतरा सिदार है। इधर घटना से आक्रोशित ग्रामीणों ने सड़क पर चक्‍काजाम कर दिया है। वही घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस-प्रशासन के अफसर मौके पर पहुंचकर लोगों की समझाने की कोशिश की जाती रही। लेकिन नाराज लोग नही माने। बताया जा रहा हैं कि इस हादसे के बाद आरोपी डंपर चालक फरार है,जिसकी तलाश की जा रही है।

Back to top button