हेडलाइन

शिक्षा मंत्री की छुट्टी: मुख्यमंत्री ने लिया बड़ा फैसला, तीन मंत्रियों के विभाग बदले, शिक्षा मंत्री का कर दिया डिमोशन

पटना 20 जनवरी 2024।Bihar News …आखिरकार शिक्षा मंत्री की छुट्टी हो गयी। बिहार में तीन मंत्रियों के विभागों में फेरबदल किया गया है। शिक्षा मंत्री चंद्रशेखर से शिक्षा विभाग छीनकर राजस्व एवं भूमि सुधार मंत्री आलोक मेहता को शिक्षा विभाग का नया मंत्री बनाया गया है। चंद्रशेखर को अपेक्षाकृत कम महत्वपूर्ण महकमा गन्ना विभाग का जिम्मा दिया गया है। रात नौ बजे के बाद मुख्य सचिव के हस्ताक्षर से शनिवार को इस आशय की अधिसूचना जारी की गयी।

वहीं राजस्व एवं भूमि सुधार विभाग का अतिरिक्त प्रभार लोक स्वास्थ्य अभियंत्रण मंत्री ललित यादव को दिया गया है। यह कहा जा रहा कि चंद्रशेखर को शिक्षा विभाग से विदा किए जाने को ले शुक्रवार को ही उस समय सहमति बन गयी थी जब लालू प्रसाद और उप मुख्यमंत्री तेजस्वी यादव ने एक अणे मार्ग जाकर मुख्यमंत्री नीतीश कुमार से भेंट की थी।

इसे शिक्षा विभाग के अपर मुख्य सचिव केके पाठक के साथ शिक्षा मंत्री चंद्रशेखर की अनबन भी माना जा रहा। अपर मुख्य सचिव केके पाठक जब छुट्टी पर गए थे तो शिक्षा मंत्री ने सार्वजनिक रूप से यह कहा था वह शिक्षा विभाग से विदा हो गए। वह काम नहीं करना चाहते थे इसी वजह से छोड़कर चले गए।

यह चर्चा तेजी से फैली कि केके पाठक अब शिक्षा विभाग में वापस नहीं लौटेंगे। इसी दौरान मु्ख्यमंत्री ने केके पाठक को बुलवाया। मुख्यमंत्री से बातचीत के अगले ही दिन के के पाठक ने शिक्षा विभाग में योगदान कर लिया। यह कहा जा रहा था कि अपर मुख्य सचिव व मंत्री के बीच अनबन की वजह से शिक्षा विभाग का कामकाज प्रभावित हो रहा है।

Back to top button