बिग ब्रेकिंगहेडलाइन

DMF की राशि गबन मामले में चार गिरफ्तार, दो संस्थाओं ने मिलकर 63 लाख से ज्यादा का किया था गोलमाल, इस तरह से हुआ था राशि का गबन

जांजगीर 14 मई 2023। DMF राशि के घोटाले में जांजगीर पुलिस ने चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। दो अलग-अलग संस्थाओं ने अलग-अलग कार्यों के लिए 63 लाख से ज्यादा की राशि गबन की थी। जिन दो संस्थाओं ने गबन किया, वो दोनों कोरबा की है। जांजगीर एसपी विजय अग्रवाल के निर्देश पर इस मामले में जांच तेज की गयी थी। जिसके बाद चार आरोपियों को गिरफ्तार किया गया। दरअसल लाईवलीहुड कॉलेज जांजगीर की तरफ से निर्मल फाउण्डेशन कोरबा जिले के प्रत्यक्ष एवं अप्रत्यक्ष खनन प्रभावित ग्राम पंचायतों के स्व सहायता समूहों / गोठानों/धानपद पंचायत संसाधन केन्द्रो में महिला सशक्तीकरण में महिला जनप्रतिनिधि, महिला स्व सहायता समूह के सदस्य आंगनबाडी कार्यकर्ता व किशोरी बालिकाओं का ग्राम सभा पर प्रशिक्षण कार्यक्रम के लिए शासन की तरफ से 1 करोड़ की राशि स्वीकृत की गयी थी।

इस कार्य को लेकर संबधित फर्म को 80 लाख रूपये स्वीकृत करने पर राशि रु 70 लाख 40 चालीस हजार जारी किया गया था। जिसमें से इस संस्था ने निर्मल फाउंडेशन कोरबा द्वारा 2 मार्च 2022 तक कुल 14 लाख 15 हजार रूपया किश्त में जमा किया गया है एवं शेष राशि 56 लाख 25 हजार रुपये को जमा नहीं किया गया। निर्मल फाउण्डेशन संस्था कोरबा द्वारा शासकीय राशि गबन के मामले में 12 मई को धारा 409 भादवि के तहत मामला दर्ज किया गया था।

इसी प्रकार कार्यालय जिला परियोजना लाईवलीहुड कॉलेज जांजगीर द्वारा लक्ष्य समाज सेवी संस्था कोरबा को जिले के प्रत्यक्ष एवं अप्रत्यक्ष खनन प्रभावित ग्राम पंचायतों में सांस्कृतिक एवं परम्परागत घरोहर कला जन भाषाओं का संरक्षण, प्रोत्साहन एवं उनके प्रचार प्रसार कार्यक्रमों के लिए 49 लाख 99 हजार की राशि स्वीकृत करते हुए 39 लाख 99 हजार 200 रुपये जारी किया गया था। जिसमें से लक्ष्य समाज सेवी संस्था कोरबा द्वारा दिनांक 24 फरवरी 2023 तक कुल रुपये 28 लाख रुपये किश्त में जमा किया गया था, लेकिन शेष राशि रूपये 7 लाख 19 हजार 296 रुपये को जमा नहीं किया गया। लक्ष्य समाज सेवी संस्था कोरवा द्वारा शासकीय राशि का गबन करना पाये जाने पर प्रथम दृष्टया धारा 409 भादवि का अपराध थाना जांजगीर में पंजीबद्ध किया गया था।

एसपी विजय अग्रवाल ने इस मामले में गंभीरता के साथ जांच के निर्देश दिये थे, जिसके बाद जांजगीर पुलिस ने मामले में आरोपी अमित तिवारी , लुकेश्वर चौहान, योगेश चौहान, एवं राहुल चौहान सभी निवासी बालको नगर कोरबा को गिरफ्तार किया। सभी आरोपी को न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।

Back to top button