पॉलिटिकलहेडलाइन

“मेरा घर, राहुल गांधी का घर”…मंत्री अनिला भेड़िया देना चाहती है राहुल गांधी को अपना घर.. घर के दरवाजे पर बैनर के साथ हुई खड़ी

रायपुर 30 मार्च 2023। राहुल गांधी के साथ पूरी कांग्रेस मजबूती के साथ खड़ी है। कांग्रेस अलग-अलग तरीके से कैंपेन चला रही है। छत्तीसगढ़ कांग्रेस भी उस कैंपेन में हिस्सा बन रहा है। इन सबके बीच महिला बाल विकास मंत्री की राहुल गांधी के समर्थन में एक तस्वीर सामने आयी है। वे लोहारा स्थित अपने घर के प्रवेश द्वार पर हाथों में बैनर लिए हुए दिखाई दीं। उन्होंने सोशल मीडिया पर भी ये तस्वीरें साझा की हैं। अनिला भेंडिया ने कहा कि हमारा घर राहुल गांधी जी का भी है, वो आएं और हमारे घर में रहें।

राहुल गांधी की लोकसभा सदस्यता जाने के बाद उन्हें सरकारी आवास खाली करने का नोटिस दिया गया है। जिसके बाद कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने अपने नेता के लिए ये अनोखा कदम उठाया है। राहुल गांधी को नोटिस मिलने के बाद से छत्तीसगढ़ में भी कांग्रेस के पदाधिकारियों में आक्रोश है।मंत्री अनिला भेंडिया ने तस्वीरों को लेकर कहा कि राहुल गांधी जन-जन की बात उठा रहे हैं, ऐसे में हम उन्हें कहीं से भी कमजोर नहीं होने देंगे। उनके मनोबल को हम गिरने नहीं देंगे। यह घर हम राहुल गांधी को समर्पित कर रहे हैं और हमारे नेता के लिए सर्वस्व न्योछावर है। वो देश के लिए लड़ रहे हैं, अगर वो हमारे घर में आकर रहें, तो ये हमारा सौभाग्य होगा। मंत्री अनिला भेंडिया की यह तस्वीर सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रही है।

उन्होंने कहा कि राहुल गांधी का पूरे देश की राजनीति में वर्चस्व है। उनसे नफरत करने वालों से ज्यादा लोग उनके चाहने वाले हैं। ऐसे में यह अभियान और बड़ा स्वरूप लेता जाएगा। आने वाले चुनाव में देश के प्रधानमंत्री को इसका हिसाब देना होगा, राहुल जी ने संसद में मोदी जी को गले लगाया था, यह निःस्वार्थ प्रेम की परिभाषा है, लेकिन इसके बदले मोदी ने अपने स्वभाव के हिसाब से प्रेम के बदले नफरत का रास्ता अपनाया है।

Back to top button