हेडलाइन

..तो कर्मचारियों का रूकेगा वेतन : राजस्व विभाग की बैठक में अधिकारियों की दो टूक, कमजोर परफार्मेंस वाले कर्मचारियों का रूकेगा वेतन, ये भी निर्देश

धमतरी 8 अक्टूबर 2023|नगर पालिक निगम धमतरी के उपायुक्त पीसी सार्वा ने राजस्व विभाग के कर्मचारियों की बड़ी बैठक ली है। उन्होंने राजस्व वसूली में लगे राजस्व विभाग के सभी अधिकारी,कर्मचारियों को सख्त हिदायत देते हुए कहा कि राजस्व वसूली में बढ़ोतरी लाए। लक्ष्य के अनुरूप शत प्रतिशत वसूली करें… इसके लिए उन्होंने सभी को डिमांड नोटिस जारी करने के निर्देश दिए हैं, संपत्तिकर, समेकितकर, यूजर चार्ज, शिक्षा उपकर, जलकर एवं अन्य करो के दायरे में आने वाले कर दाताओं से घरों, दुकानों, भवनों में संपर्क कर वसूली के निर्देश उपायुक्त ने दिए हैं। उन्होंने सभी 40 वार्ड क्षेत्र में लगे राजस्व वसूली के लिए सभी कर्मचारियों के कार्यों की बारी-बारी से समीक्षा की। सभी से उनके द्वारा मिले हुए लक्ष्य एवं उसके अनुरूप हुई वसूली के बारे में एक-एक करके जानकारी ली। कमजोर परफॉर्मेंस और टैक्स वसूली की कमी को लेकर उन्होंने ऐसे कर्मचारियों पर नाराजगी जताते हुए तथा उन्हें समझाइस देते हुए कहा कि इस प्रकार के कर्मचारियों का वेतन रोकने की कार्यवाही की जाएगी।

गौरतलब है कि आयुक्त विनय पोयाम ने राजस्व विभाग के अधिकारियों को वसूली में तेजी लाने के निर्देश दिए हैं इसी तारतम्य में उपायुक्त पीसी सार्वा ने बैठक लेकर टैक्स वसूली पर पूरा फोकस करने के निर्देश कर्मचारियों को दिए। बता दे की 8 करोड़ 90 लाख की वसूली नगर निगम धमतरी को किया जाना है। जिसको लेकर गहन समीक्षा डिप्टी कमिश्नर पी सी सार्वा के द्वारा किया गया। उन्होंने राजस्व विभाग के सभी कर्मचारियों को अपने वार्ड क्षेत्र में सतत भ्रमण करते हुए राजस्व वसूली में बढ़ोतरी लाने के निर्देश दिए हैं। इस वर्ष के लक्ष्य को पूरा करने के लिए केवल 6 माह शेष है जिसको देखते हुए उपायुक्त ने सभी राजस्व विभाग के कर्मचारियों को अपने परफॉर्मेंस में सुधार करते हुए टैक्स वसूली में वृद्धि करने के निर्देश दिए हैं।

उपायुक्त ने भी करदाताओं से भी अपील की है कि वह समय पर अपना टैक्स जमा कर दें। टैक्स के पुराने बकाएदारों की सूची भी उपायुक्त ने बनाने कहा है, ताकि इस आधार पर पुराने बकाएदारों पर लगाम कसने की कार्रवाई की जा सके और उनसे टैक्स वसूला जा सके। बैठक में सहायक राजस्व निरीक्षक सत्यमूर्ति, नितिन बनवासी, संजय गुप्ता, कामता चौबे, हेमंत यादव, रेखा कृदत, खिलेश्वर राम, छबिलाल प्रजापति, रमेश कुमार ध्रुव, छबिलाल प्रधान, शेरखान, पुष्पा ठाकुर, कंचन, आकाश किरण, सन्नी कुमार, कन्हैया मंडावी, सरिता सोना, खिलावन रजक, गिरधर साहू, इशहाक खान सहित अन्य कर्मचारी मौजूद रहे।

Back to top button