हेडलाइन

“बोर्ड में टॉप करोगे तो हवाई जहाज से दिल्ली टूर पर भेजूंगी’… कलेक्टर ने किया 10वीं-12वीं के बच्चों से किया प्रामिस…जिले के आखिरी गांव में पहुंची डॉ प्रियंका… शिक्षक बन करायी पढ़ाई

कांकेर 19 अक्टूबर 2022। जिले के अंतिम छोर पर पखांजूर तहसील में महाराष्ट्र के गढ़चिरौली जिले से लगे संवेदनशील गांव पाड़ेंगा पहूंच कर कलेक्टर डॉ प्रियंका शुक्ला ने आज वहां के प्राथमिक विद्यालय, हाईस्कूल, गौठान एवं घोटुल का निरीक्षण किया तथा ग्रामीणों से बातचीत कर शासन द्वारा संचालित योजनाओं के क्रियान्वयन की जानकारी ली। महिला स्व सहायता समूह से चर्चा कर उन्हें आत्मनिर्भर बनने के लिए प्रोत्साहित किया। निरीक्षण के दौरान जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी सुमीत अग्रवाल भी मौजूद थे।


कलेक्टर डॉ प्रियंका शुक्ला ने पाड़ेंगा के हाईस्कूल में कक्षा 10 वीं के विद्यार्थियों को पढ़ाया और उन्हें अच्छा पढ़ाई करने के लिए प्रोत्साहित करते हुए कहा कि आपकी मेहनत आपका भविष्य बनायेगा। सफलता प्राप्त करने के लिए परिश्रम आवश्यक है। अच्छा पढ़ाई कर 10वीं एवं 12वीं बोर्ड की परीक्षा में राज्य स्तरीय मेरिट लिस्ट में स्थान बनाने पर, हवाई जहाज से दिल्ली का भ्रमण कराया जाएगा। कलेक्टर डॉ प्रियंका शुक्ला ने पाड़ेंगा के प्राथमिक विद्यालय में भी कक्षा पहली, दूसरी और चौथी के बच्चों को पढ़ाया, उन्हें कविता, पहाड़ा पढ़कर सुनाने कहा, बच्चों ने कविता सुनाई, अंग्रेजी वर्णमाला और गिनती पढ़कर सुनाया, इस पर कलेक्टर ने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए और अच्छा पढ़ाई कराने के लिए शिक्षकों को निर्देशित किया।

गौठान मेला से शुरू हुआ पाड़ेंगा में साप्ताहिक बाजार


ग्राम पाड़ेंगा के गौठान में पिछले वर्ष बसंत पंचमी के समय गौठान मेला का आयोजन किया गया था, जिसमें महिला स्व सहायता समूह द्वारा गौठान में उत्पादित साग-सब्जी एवं वर्मीकम्पोस्ट को प्रदशि्र्ात कर विक्रय किया गया। उक्त गौठान मेला लोगों को बहुत पसंद आया, तब से हर सप्ताह बुधवार को यहां साप्ताहिक बाजार भरने लगा है। पी.व्ही. 83, 84 और ग्राम पाड़ेंगा सहित आसपास के गांव और महाराष्ट्र के गढ़चिरौली जिले के ग्रामीण भी इस साप्ताहिक बाजार में अपने जरूरत की चीजें खरीदते हैं।


कलेक्टर डॉ प्रियंका शुक्ला ने ग्राम पाड़ेंगा के गौठान का भी निरीक्षण किया तथा वहां संचालित गतिविधियों की जानकारी ली और महिला स्व सहायता समूह के सदस्यों से बातचीत कर उन्हें आत्मनिर्भर बनने के लिए अच्छा कार्य करने प्रोत्साहित किया। जय गोंडवाना महिला स्व सहायता समूह के अध्यक्ष श्रीमती सामको आंचला ने जानकारी देते हुए बताया कि समूह के सदस्यों द्वारा गौठान में खरीदे गए गोबर से वर्मीकम्पोस्ट का निर्माण किया जाता है, इसके अलावा साग-सब्जी की खेती और कड़कनाथ मुर्ग़ी का पालन किया जा रहा है, जिससे प्रति सदस्य 05 से 10 हजार रुपए की आमदनी हुई है। समूह के सदस्यों द्वारा वर्मीटांका की संख्या बढ़ाने का अनुरोध किए जाने पर कलेक्टर द्वारा 04 नये वर्मीटांका का निर्माण कराने की स्वीकृति प्रदान किया गया।
कलेक्टर डॉ प्रियंका शुक्ला ने ग्राम पाड़ेंगा में 06 लाख 50 हजार रुपए की लागत से निर्मित घोटुल भवन का भी निरीक्षण कर ग्रामीणों से चर्चा किया। ग्राम प्रमुख धर्माराम आंचला और कोतलाराम आंचला ने गांव में संचालित कार्यों एवं घोटुल के गतिविधियों की जानकारी दी। कलेक्टर ने घोटुल के पास निर्माणाधीन सामुदायिक शौचालय को गुणवत्ता के साथ निर्माण करते हुए शीघ्र पूरा करने के निर्देश दिए।


कलेक्टर डॉ प्रियंका शुक्ला ने आज पखांजूर तहसील के ग्राम शंकर नगर पी.व्ही. 84 के उप स्वास्थ्य केन्द्र का भी निरीक्षण किया तथा स्वास्थ्य केंद्र में उपलब्ध दवाइयों एवं मरीजों के संबंध में पूछताछ किया। सी.एच.ओ. शिवरी दास ने स्वास्थ्य केंद्र में पर्याप्त मात्रा में दवाई उपलब्ध होने की जानकारी दी। कलेक्टर ने मौके पर उपस्थित ग्रामीणों से स्वास्थ्य सुविधाओं के साथ-साथ उचित मूल्य दुकान से राशन वितरण की भी जानकारी लिया, ग्रामीणों द्वारा सभी उपभोक्ताओं को राशन का वितरण होना बताया तथा निर्माणाधीन पी.डी.एस. भवन को शीघ्र बनवाने का अनुरोध किया। कलेक्टर ने पीडीएस भवन को जनवरी तक पूरा कराने के निर्देश दिए। उन्होंने महिला स्व सहायता समूह के अध्यक्ष व सदस्यों से भी बातचीत की और उन्हें आत्मनिर्भर बनने के लिए आय मूलक अच्छा काम करने के लिए प्रोत्साहित किया। कलेक्टर डॉ प्रियंका शुक्ला ने पंचायत नांगलदण्ड के आश्रित ग्राम गोदलदण्ड में बनाये गये आवर्ती चराई गौठान का भी निरीक्षण किया तथा अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। इस अवसर पर तहसीलदार शशि शेखर मिश्रा, जनपद पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी आशीष डे तथा विकासखंड शिक्षा अधिकारी के.आर.सिन्हा भी मौजूद थे।

Back to top button