हेडलाइन

रोड एक्सीडेंट पर देर रात मचा बवाल, सड़क पर शव रखकर ग्रामीणों ने किया प्रदर्शन, पुलिस-प्रशासन को समझाने में छूटे पसीने

जांजगीर चांपा 2 जुलाई 2023। देर रात हुई सड़क दुर्घटना के बाद जमकर बवाल मचा। घटना के बाद स्थानीय लोगों ने सड़क जाम कर दिया। आधी रात तक जाम की स्थिति बनी रही। पुलिस-प्रशासन की टीम ने किसी तरह से ग्रामीणों को समझा बुझाकर जाम खत्म कराया। मामला जांजगीर के अकलतरा थाना के अमरताल रोड की है। दरअसल देर रात राजकुमार यादव नाम के व्यक्ति की सड़क दुर्घटना में मौत हो गयी। राजकुमार एमबीके पावर प्लांट में काम करता था।

घटना के बाद वाहन चालक वाहन सहित मौके से फरार हो गया। इस घटना के बाद आक्रोशित लोगों ने बिलासपुर-रायगढ़ मुख्य मार्ग को जाम कर दिया। लोगों ने शव को सड़क पर रखकर प्रदर्शन करना शुरू कर दिया। चक्का जाम की वजह से गाड़ियों की लंबी-लंबी कतारें लग गयी। ग्रामीण मृतक के परिजनों के लिए नौकरी और मुआवजा की मांग कर रहे थे।

सड़क जाम की सूचना पर पुलिस और प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों को समझाना शुरू किया, लेकिन ग्रामीण समझने को तैयार नहीं थे। इधर ग्रामीणों का आरोप है कि आये दिन इस तरह के हादसे होते रहे हैं, वाहन चालक मनमानी तरीके से वाहन चलाते हैं, ग्रामीणों ने प्रशासन से परिजनों को मुआवजा और नौकरी की मांग की। प्रशासन ने मदद का भरोसा दिलाकर किसी तरह से प्रदर्शन को खत्म कराया।

Back to top button