बिग ब्रेकिंग

उत्तरकाशी में बड़ा हादसा, बर्फीले तूफान की चपेट में आए 28 पर्वतारोही, हिमस्खलन में 10 पर्वतारोहियों की मौत, 11 अन्य की तलाश जारी…

उत्तराखंड 04 अक्टूबर 2022 : उत्तराखंड के उत्तरकाशी में मंगलवार को बड़ा हादसा हो गयाv यहां द्रौपदी का डांडा-2 पर्वत चोटी पर हुए हिमस्खलन में 28 ट्रैकर्स फंस गए। नेहरू पर्वतारोहण संस्थान के प्रिंसिपल कर्नल बिष्ट ने बताया कि हिमस्खलन में फंसे 28 में से 10 के शव बरामद हो गए हैं। हालांकि 11 लोग अब भी लापता हैं। वहीं NDRF, SDRF और सेना का रेस्क्यू अभियान जारी है। भारतीय वायुसेना ने फंसे हुए ट्रैकर्स के रेस्क्यू के लिए 2 चीता हेलिकॉप्टर्स को तैनात किया।

उत्तराखंड के डीजीपी अशोक कुमार ने समाचार एजेंसी ANI को बताया था कि द्रौपदी के डंडा -2 पर्वत शिखर पर हिमस्खलन में फंसे NIM के 28 प्रशिक्षुओं में से 7 प्रशिक्षुओं को सुरक्षित बचा लिया गया है और बाकियों की खोज और बचाव के लिए वायुसेना के हेलीकॉप्टर तैनात किया गया है।

प्रारंभिक रिपोर्टों के अनुसार आज सुबह करीब नौ बजे हिमस्खलन की घटना हुई। हादसे की सूचना मिलते ही द्रौपदी के डंडा-2 पर्वत शिखर पर हिमस्खलन में फंसे प्रशिक्षुओं को निकालने के लिए एसडीआरएफ की टीमें देहरादून के सहस्त्रधारा हेलीपैड से रवाना हुई थीं।

इससे पहले उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने ट्वीट कर इस हादसे की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि पर्वतारोहियों को बाहर निकालने के लिए NIM की टीम के साथ जिला प्रशासन, NDRF, SDRF, सेना और ITBP के जवानों द्वारा तेजी से राहत एवं बचाव कार्य चलाया जा रहा है। पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि रक्षा मंत्री से बात कर रेस्क्यू ऑपरेशन में तेजी लाने के लिए सेना की मदद लेने का अनुरोध किया गया है।

पीटीआई की रिपोर्ट के मुताबिक द्रौपदी का डंडा 5,006 मीटर की ऊंचाई पर स्थित है। पीटीआई के मुताबिक उत्तरकाशी आपदा प्रबंधन अधिकारी देवेंद्र पटवाल ने कहा कि एवलॉन्च में फंसे लोगों में नेहरू पर्वतारोहण संस्थान (एनआईएम) के प्रशिक्षु पर्वतारोही और उनके प्रशिक्षक शामिल हैं।

Back to top button