क्राइमबिग ब्रेकिंग

पुलिस को धमकी देते हुए महिला का वीडियो हुआ वायरल..

मुंबई 25 सितम्बर 2023|मुंबई पुलिस ने 26 वर्षीय एक महिला के खिलाफ पुलिसकर्मी से बदतमीजी करने, धमकी देने और हाथापाई करने के आरोप में मामला दर्ज किया है। दरअसल आरोपी महिला मुंबई के मशहूर बांद्रा वर्ली सी लिंक पर अपनी मोटरसाइकिल से सफर कर रही थी, जब पुलिसकर्मी ने महिला को रोका तो वह पुलिसकर्मी के साथ बदतमीजी करने लगी। घटना का वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। 

वायरल वीडियो में क्या दिखा?

वायरल हो रहे इस वीडियो में आप देख सकते हैं कि एक महिला बाइक पर बैठी हुई है जिसे कुछ पुलिसवालों ने रोक रखा है। पुलिसवालों ने जब उस महिला को बाइक बंद करने के लिए कहा तब वह कहती है कि, मैं नौकर नहीं हूं, मैं टैक्स भरती हूं। नरेंद्र मोदी का फोन आएगा कि नुपूर गाड़ी बंद कर दे तो कर दूंगी। वायरल वीडियो में आगे आप देख सकते हैं कि जैसी ही एक शख्स बाइक बंद करने की कोशिश करता है, महिला धमकी देती है कि तेरे हाथ काट दूंगी।

पुलिस ने बताया कि उन्हें बांद्रा वर्ली सी लिंक के सुरक्षाकर्मियों ने सूचना दी थी कि एक महिला, जिसकी पहचान नूपुर मुकेश पटेल के रूप में हुई है, वह बुलेट बाइक पर सवार होकर सी लिंक से होते हुए साउथ मुंबई की तरफ जा रही थी। जब पुलिस कर्मियों ने उसे रोकने की कोशिश की तो वह पुलिसकर्मियों से बहस करने लगी। महिला ने पुलिसकर्मी से कहा कि वह टैक्स भरती है और इसलिए कोई भी उसे सड़क पर बाइक चलाने से नहीं रोक सकता। कई बार बोलने के बाद भी महिला बाइक से नहीं उतरी और ना ही उसने बाइक को साइड किया और पुलिसकर्मियों से बहस करती रही। 

आपको बता दें कि यह वायरल वीडियो 15 सितंबर का है जो सोशल मीडिया पर अब जमकर वायरल हो रहा है।

पुलिस अधिकारी ने दी जानकारी

एक अधिकारी ने बताया कि जब उस महिला को पुलिस ने पकड़ा तब वह पुलिसकर्मियों से झगड़ा करने लगी। पुलिस ने आगे बताया कि, जब उससे दस्तावेज मांगे गए तब उसने पिस्तौल के आकार वाला एक सिगरेट लाइटर पुलिस पर तान दिया। महिला मानसिक रूप से ठीक नहीं है।

Back to top button