पॉलिटिकल

नहीं रहे नेताजी, 82 साल की उम्र में समाजवादी नेता मुलायम सिंह यादव का निधन…राष्ट्रपति, CM भूपेश समेत कई नेताओं ने निधन पर जताया शोक….कल सैफई में होगा अंतिम संस्कार….

लखनऊ 10 अक्टूबर 2022 : समाजवादी पार्टी के संरक्षक मुलायम सिंह यादव का सोमवार को निधन हो गया। 82 साल के मुलायम यूरिन इन्फेक्शन के चलते 26 सितंबर से गुरुग्राम के मेदांता अस्पताल में भर्ती थे। अखिलेश यादव ने समाजवादी पार्टी के ट्विटर हैंडल पर मुलायम के निधन की जानकारी दी। सैफई में मंगलवार को मुलायम का अंतिम संस्कार किया जाएगा।

समाजवादी पार्टी के संस्थापक और यूपी के पूर्व सीएम मुलायम सिंह यादव का 82 साल की उम्र में सोमवार की सुबह निधन हो गया। उन्होंने गुरुग्राम के मेदांता अस्पताल में सुबह 8 बजे से 8:30 बजे के बीच अंतिम सांस ली। मुलायम सिंह यादव लंबे समय से बीमार चल रहे थे। मुलायम सिंह यादव को 22 अगस्त को सांस लेने में तकलीफ और लो ब्लड प्रेशर की शिकायत के बाद मेदांता अस्पताल में भर्ती कराया गया था, हालांकि उनकी तबीयत में सुधार नहीं हो रहा था और 1 अक्टूबर की रात को आईसीयू में शिफ्ट किया गया था, जहां एक डॉक्टरो का पैनल उनका इलाज कर रहा था। मुलायम सिंह के निधन के बाद समाजवादी परिवार में शोक की लहर डूब गई है।

रविवार 9 अक्टूबर को मुलायम सिंह की हालत बिगड़ने पर आक्सीजन का लेबल बढ़ाया गया था। इससे करीब तीन घंटे बाद उनकी स्थिति पहले की तरह हो गई थी। अस्पताल प्रबंधन के अनुसार, उनकी हालत में लगातरा उतार-चढ़ाव हो रहा था। इसके चलते उन्हें 2 अक्टूबर से लगातार वेंटिलेटर सपोर्ट पर ही रखा गया था। उल्लेखनीय है कि मुलायम सिंह यादव की तबीयत को लेकर रविवार दोपहर को उनका 7वां हेल्थ बुलेटिन जारी किया गया था। इसमें मुलायम सिंह यादव की हालत नाजुक बताई गयी थी। वह ICU में वेंटिलेटर पर थे। रविवार को रामदास अठावले और यूपी भाजपा के संगठन मंत्री धर्मपाल सिंह उनका हाल जानने मेदांता पहुंचे थे। इस दौरान उन्होंने अखिलेश यादव से मुलाकात कर सपा संरक्षक का हाल-चाल जाना था।

मुलायम सिंह यादव 3 बार उत्तर प्रदेश का मुख्यमंत्री रहने के अलावा देश के रक्षा मंत्री भी रहे थे। उनके बेटे अखिलेश यादव भी उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री रह चुके हैं। मुलायम सिंह यादव का जन्म 22 नवंबर 1939 को उत्तर प्रदेश के इटावा जिले के सैफई गांव में एक किसान परिवार में हुआ था। उस समय देश में ब्रिटिश शासन था और उत्तर प्रदेश को संयुक्त प्रांत या यूनाइटेड प्रॉविन्सेज के नाम से जाना जाता था।

उनके पिता का नाम सुघर सिंह यादव और मां का नाम मूर्ति देवी था। मुलायम सिंह यादव (Mulayam Singh Yadav) के पास राजनीति शास्त्र में तीन डिग्रियां थीं जिनमें इटावा के कर्म क्षेत्र पोस्ट ग्रैजुएट कॉलेज से ली गई बीए की डिग्री, शिकोहाबाद के एके कॉलेज से बीटी की डिग्री और आगरा यूनिवर्सिटी के भीम राव आंबेडकर कॉलेज से एमए की डिग्री शामिल है।

जानकारी के मुताबिक, मुलायम सिंह यादव का अंतिम संस्कार उत्तर प्रदेश के सैफई में होगा। अगले कुछ घंटों बाद उनका शव सैफई ले जाया जाएगा।

Back to top button