शिक्षक/कर्मचारी

पुरानी पेंशन न्याय यात्रा: सभी राज्यों में पुरानी पेंशन बहाल करने की आवाज हुई बुलंद… कश्मीर से कन्याकुमारी तक NOPRUF निकालेगा पुरानी पेंशन न्याय यात्रा… वीरेंद्र दुबे के नेतृत्व में शामिल होगा छत्तीगसढ़ से अधिकारी कर्मचारियों का दल

रायपुर 6 अक्टूबर 2022। छत्तीसगढ़ सहित राजस्थान और झारखंड में पुरानी पेंशन बहाली होने के बाद अब इसे सभी राज्यों में लागू करने की आवाज उठने लगी है। पुरानी पेंशन बहाली को लेकर कई राज्यों में चल रहे आंदोलन और प्रदर्शन के बीच राष्ट्रीय पुरानी पेंशन बहाली संयुक्त मोर्चा यानि NOPRUF ने पुरानी पेंशन न्याय यात्रा निकालने का ऐलान किया है। NOPRUF के राष्ट्रीय महासचिव विरेंद्र दुबे ने NWnews24 को बताया कि पुरानी पेंशन बहाली मांग को लेकर पुरानी पेंशन न्याय यात्रा निकाले जाने का ऐलान किया गया है। ये यात्रा नौ अक्टूबर को कश्मीर के श्रीनगर स्थित ऐतिहासिक लाल चौक से शुरू होगी, जो कई राज्यों से होते हुए कन्याकुमारी तक पहुंचेगी।

राष्ट्रीय महासचिव वीरेंद्र दुबे ने बताया कि पुरानी पेंशन बहाली न्याय यात्रा में देश के 75 लाख NPS कर्मचारी अलग-अलग स्थानों पर शामिल होंगे। ये यात्रा मील का पत्थर साबित होगा। कर्मचारियों की आवाज को सड़क से लेकर सदन तक पहुंचाया जाएगा। वीरेंद्र दुबे ने कहा कि कर्मचारियों के प्रयास से ही छत्तीसगढ़, जस्थान और झारखंड सरकार ने अपने-अपने राज्य में पुरानी पेंशन बहाली का ऐतिहासिक निर्णय लिया।

सभी राज्यों में पुरानी पेंशन लागू कराने को लेकर इस यात्रा का आयोजन किया जा रहा है। यात्रा कश्मीर से शुरू होकर पंजाब, हिमाचल, उत्तराखंड, हरियाणा, दिल्ली, उत्तर प्रदेश, मध्य प्रदेश, महाराष्ट्र, तेलंगाना, आंध्र प्रदेश, कर्नाटक, तमिलनाडु होते हुए केरल पहुंचेगी और कन्याकुमारी में समापन होगा।

वीरेंद्र दुबे ने बताया कि पुरानी पेंशन न्याय यात्रा का शुभारम्भ 9 अक्टूबर 2022 को सुबह 9 बजे कश्मीर के ऐतिहासिक लाल चौक से किया जायेगा। यह पुरानी पेंशन न्याय यात्रा श्रीनगर कश्मीर से आरम्भ होकर राष्ट्रीय राजमार्ग के रास्ते कार से अनन्तनाग, रामबन होते हुए उधमपुर से जम्मू पहुंचेगी। यह न्याय यात्रा देश के अलग-अलग राज्यों से होते हुए कन्याकुमारी तक पहुंचेगी। इस पुरानी पेंशन बहाली न्याय यात्रा का मुख्य उद्देश्य देश के 75 लाख एनपीएस कार्मियों की मांग पुरानी पेंशन बहाली की आवाज़ को देश के जन-जन तक तथा सभी राज्यों की राज्य सरकारों तक एवं प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी तक प्रमुखता से पहुंचाना है।

इस यात्रा में देश के सभी एनपीएस कर्मचारी, शिक्षक, अधिकारी, बैंककर्मी, सफाईकर्मी, पुलिस कर्मी, रेलवेकर्मी, अपने-अपने स्तर से इस यात्रा में शान्तिपूर्ण तरीके से भागीदारी कर यात्रा दल का गौरव बढ़ाने का साहसिक प्रयास करेंगे। छत्तीसगढ़ से वीरेंद्र दुबे, विष्णु शर्मा, अतुल अवस्थी आदि शामिल होने के लिए 7 तारीख को कश्मीर के लिए रवाना होंगे।

Back to top button