टॉप स्टोरीज़

देश में ओमिक्रॉन की दस्तक, आज आंध्र, चंडीगढ़, कर्नाटक और महाराष्ट्र में मिले नए मामले…

 

नई दिल्ली 12 दिसंबर 2021।कोरोना का नया ओमिक्रॉन वैरिएंट दुनियाभर के साथ अब भारत में भी तेजी से पैर पसार रहा है। अब तक यह वैरिएंट देश के आठ राज्यों तक फैल चुका है। सबसे ज्यादा केस महाराष्ट्र में है। राज्य में 17 लोगों में इस संक्रमण की पुष्टि हुई है। उसके बाद राजस्थान में 9 लोग इसकी चपेट में आए हैं।

रविवार को ओमिक्रॉन के चार और मरीज पाए गए हैं। यह मरीज चंडीगढ़, आंध्र प्रदेश, कर्नाटक और महाराष्ट्र में मिले। इसके साथ ही देश में अब तक 37 लोग ओमिक्रॉन वैरिेएंट का शिकार हो चुके हैं।

भारत में चार नए मामलों में पहला आंध्र प्रदेश के विशाखापत्तनम में मिला। जिस मरीज में ओमिक्रॉन की पुष्टि हुई है, वह हाल ही में आयरलैंड से मुंबई होते हुए यहां पहुंचा। उधर चंडीगढ़ का मरीज इटली से आया है। वहीं, कर्नाटक में दक्षिण अफ्रीका से आया 34 वर्षीय शख्स इस वैरिएंट से संक्रमित पाया गया। इसके अलावा नागपुर में 40 साल के व्यक्ति में ओमिक्रॉन की पुष्टि हुई है।

नागपुर में दक्षिण अफ्रीका से लौटा सख्श संक्रमित
नागपुर नगर निगम (एनएमसी) के आयुक्त राधाकृष्णन बी ने बताया कि एक स्थानीय निवासी लगभग आठ दिन पहले पश्चिम अफ्रीका के एक देश से आया था। उसके आने पर उसकी कोरोना की जांच पॉजिटिव आई थी। उसके बाद उसने उसे शहर के एक अस्पताल में भर्ती कराया गया था और उसका नमूना जीनोम अनुक्रमण के लिए भेजा गया था।

आंध्र प्रदेश में 15 यात्री कोरोना संक्रमित
आंध्र प्रदेश के स्वास्थ्य मंत्रालय के अधिकारियों ने बताया कि अब तक 15 यात्री कोरोना पॉजिटिव मिले हैं। इन सभी के सैंपल जीनोम सिक्वेंसिंग के लिए भेजे गए हैं। रिपोर्ट आने के बाद ही पता चल पाएगा कि और कितने मरीज नए वैरिएंट का शिकार हुए हैं। राहत की बात ये है कि ओमिक्रॉन से अभी तक किसी मरीज की मौत नहीं हुई है। विशेषज्ञों का कहना है कि ओमिक्रॉन भले ही तेजी से फैलने वाला वैरिएंट है, लेकिन डेल्टा की अपेक्षा यह कमजोर है।

आंध्र प्रदेश के निजी स्कूल में कोरोना विस्फोट
श्रीकाकुलम के कलेक्टर ने लोगों से कोविड प्रोटोकॉल का पालन करने की अपील की है। कलेक्टर ने कोविड प्रोटोकॉल पालन नहीं करने वालों के खिलाफ सख्त से सख्त कार्रवाई की जाएगी और 25 हजार रुपये का जुर्माना लिया जाएगा।

Back to top button