पॉलिटिकलहेडलाइन

CG-21 को प्रियंका गांधी आयेंगी: रमन के गढ़ में CM भूपेश का भाजपा पर चौतरफा हमला, बोले- किसी को नहीं छोड़ा, सबको ठगने का काम किया BJP ने

राजनांदगांव 8 सितंबर 2023। छत्तीसगढ में कांग्रेस के दिग्गज नेताओं का आना जारी रहेगा। राहुल गांधी और मल्लिकार्जुन खड़गे के बाद एक बार फिर से प्रियंका गांधी छत्तीसगढ़ आ रही है। राजनांदगांव के मंच से मुख्यमंत्री ने इस बात की जानकारी दी। मुख्यमंत्री ने कहा कि 21 को प्रियंका गांधी छत्तीसगढ़ आयेगी। प्रियंका गांधी भिलाई में महिला सम्मेलन में शामिल होंगी। मुख्यमंत्री ने मच से सभी को उस सम्मेलन में शामिल होने की अपील भी की।

इससे पहले सीएम ने भरोसे के सम्मेलन में भाजपा की पूर्ववर्ती सरकार को जमकर घेरा। मुख्यमंत्री ने कहा कि रमन सिंह 15 साल मुख्यमंत्री रहे, इस दौरान 15 साल तक राजनांदगांव पिछड़े जिलों में था। केवल यहां लूटपाट का काम होता था। चिटफंड कंपनी यही कार्यालय खोलकर बैठी थी और पैसे लूट रही थी। रमन सिंह के कार्यकाल में गर्भाशय कांड, नसबंदी कांड,ऑंखफोड़वा कांड हुआ था। भूपेश बघेल ने कहा कि सभी वर्गों को ठगने का काम रमन सिंह ने किया है। BJP वाले सिर्फ ठगने का काम करते है। गाय के नाम से वोट मांगते है,लेकिन गौ माता की सेवा नही करते हैं।

आज भरोसे के सम्मेलन में आप सभी के बीच हम उपस्थित हुए हैं। यहां खूब बारिश हो रही है। अन्नदाता बहुत खुश है। अब तक 4 भरोसे का सम्मेलन हो चुका है। आज हमारे बीच खड़गे जी पुनः आये हैं। यह मुक्तिबोध की धरती है। हमारे लोककलाकारों की धरती है। राजनांदगांव संस्कारधानी है। यहाँ से निकले बड़े कलाकारों को नमन करता हूँ। सबका राशन कार्ड बन रहा है। किसी का राशन कार्ड कट नहीं रहा है। नई बहू आ गई, परिवार अलग हो गया तो भी राशन कार्ड बन रहा है। आदिवासी क्षेत्र में गुड़ बंट रहा है। किसी गरीब को अनाज के बिना तकलीफ नहीं हो रही है। हम किसानों से 20 क्विंटल प्रति एकड़ धान भी खरीदेंगे।


कोरोना महामारी के बावजूद हमने किसानों से धान की खरीदी जारी रखी। हम हमेशा किसान, मजदूर के हित में काम करते हैं। हम दो रुपए में गोबर खरीदते हैं। आज गौपालक हो, किसान हो, बेरोजगार साथी हो, हम सबको पैसा देते हैं। हम हर पंद्रह दिन में डीबीटी के माध्यम से पैसा देते हैं। हर तीन महीने में किसानों के खाते में पैसे डालते हैं। तेंदूपत्ता संग्राहकों को पैसा भेजते हैं। बेरोजगारों को हर महीने पैसे देते हैं।


हम आम जनता को ताकतवर बनाने का काम करते हैं। हमने फैसला किया है कि सात लाख लोगों को पक्की छत देना है। हमने अभी जो सामाजिक आर्थिक सर्वे कराया है उसमें 47 हजार लोग ऐसे मिले हैं जिन्हें मकान चाहिए, उन्हें हम मकान दिलाएंगे। हमने शिक्षा के क्षेत्र में भी बढ़िया काम किया है। 30 हजार शिक्षकों की भर्ती की है। पुरानी पेंशन स्कीम लांच की है। कोटवारों, मितानिन और आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं का मानदेय बढ़ाया है। हम अपने त्योहारों पर अवकाश दे रहे हैं। बहुत सुंदर छत्तीसगढ़िया ओलंपिक का आयोजन कर रहे हैं। राजीव युवा मितान क्लब के सदस्य इनके आयोजन में सक्रिय भागीदारी निभा रहे हैं। छत्तीसगढ़ को सांस्कृतिक और आर्थिक रूप से समृद्ध करने का काम हम लोग करेंगे।

Back to top button