हेडलाइन

कांग्रेस को बड़ा झटका, कांग्रेस छोड़ जोगी कांग्रेस में हुए शामिल, लोरमी से लड़ेंगे चुनाव

लोरमी 23 अक्टूबर 2023। चुनावी शोर के बीच बगावत की आवाज भी खूब बुलंद हो रही है। टिकट की आस में बैठे कांग्रेस दावेदार तीसरी लिस्ट में नाम नहीं आने से बेहद नाराज हैं। कईयों ने जहां निर्दलीय पर्चा भरा है, तो कई प्रत्याशियों ने अपना पाला बदल लिया है। कांग्रेस को बड़ा झटका देते हुए जिलाध्यक्ष सागर सिंह बैस ने जोगी कांग्रेस का दामन थाम लिया है। चर्चा है कि सागर सिंह को जोगी कांग्रेस लोरमी से प्रत्याशी बना सकती है।

आपको बता दें कि पिछली बार वहां से जोगी कांग्रेस की ही टिकट पर लड़े धर्मजीत सिंह जीते थे। इस बार पार्टी ने उनका टिकट बदल दिया है। भाजपा में शामिल होने के बाद पार्टी ने धर्मजीत सिंह को तखतपुर से चुनाव मैदान में उतारा है। वहीं, लोरमी से भाजपा की तरफ से प्रदेश अध्यक्ष अरूण साव चुनाव मैदान में हैं। जानकारी के मुताबिक कांग्रेस से सागर सिंह बैस ने दावेदारी की थी, लेकिन पार्टी की तरफ से उन्हें टिकट नहीं दिया। जिसके बाद से ही बैस नाराज चल रहे थे।

सागर सिंह का पार्टी छोड़कर जाना कांग्रेस के लिए बड़ा झटका है। कांग्रेस के जिला अध्यक्ष सागर सिंह बैस के जनता कांग्रेस जोगी में जाने का सीधा मतलब है कि वो चुनाव लड़ेंगे। पेंड्रा में जोगी बंगले में जनता कांग्रेस में शामिल हुए। उनके चुनाव लड़ने से लोरमी विधानसभा का समीकरण बिगड़ सकता है।

Back to top button