बिग ब्रेकिंग

CM हाउस घुसने की कोशिश : BJP नेता सहित 10 पर FIR, किया गया गिरफ्तार…. प्रदर्शनकारी कब्जाधारियों को लेकर CM हाउस घुसने की कर रहे थे कोशिश, धक्का-मुकी में कई पुलिसकर्मी भी हुए जख्मी..

रायपुर 19 मार्च 2022। प्रदर्शनकारियों के साथ CM हाउस घुसने की कोशिश कर रहे लोगों पर पुलिस ने FIR दर्ज किया है। भाजपा नेता अविनाश बॉबी सहित 10 प्रदर्शनकारियों को सिविल लाइन पुलिस गिरफ्तार कर जेल भेजने की तैयारी कर रही है। दरअसल सेरिखेडी गांव में अवैध कब्जाधारियों के खिलाफ प्रशासन ने नोटिस जारी किया था। 21 मार्च तक सभी कब्जाधारियों को जगह खाली करने का नोटिस दिया गया था। लेकिन इसी बीच भाजपा नेता ने प्रशासन पर दवाब बनाने स्थानीय लोगों के साथ मिलकर प्रदर्शन शुरू कर दिया।

भाजपा नेता अविनाश बॉबी, सेरिखेडी उप सरपंच अनिल शर्मा, उसका भाई सुनील शर्मा ने कब्जाधारियों को लेकर आज कलेक्टर को ज्ञापन देने का कार्यक्रम बनाया था। पुलिस की तरफ से ज्ञापन देने के लिए पहले ही प्रदर्शनकारियों को रूट चार्ट दे दिया था। ज्ञापन लेने के लिए कलेक्ट्रेट में अधिकारी भी उपस्थित थे, लेकिन कलेक्ट्रेट पहुँचने के पूर्व ही स्वर्ण जयंती तिराहे के पास ये लोग कलेक्ट्रेट का रास्ता छोड़ मुख्यमंत्री निवास के स्वर्ण जयंती तिराहे के पास जाकर नारेबाज़ी करने लगे और गेट को धकेल कर मुख्य गेट की तरफ़ जाने लगे।

मुख्यमंत्री निवास के गेट तक पहुंचकर प्रदर्शनकारियों के अंदर घुसने की कोशिश करते देख, पुलिस और खुफिया टीम अलर्ट हो गयी। तत्काल अतिरिक्त पुलिस बल को बुलाया गया और प्रदर्शनकारियों को पीछे किया गया। इस दौरान हुई धक्का-मुकी में कई जवान चोटिल भी हुए। पुलिस ने कानून व्यवस्था बिगाड़ने की कोशिश करने वाले भाजपा नेता अविनाश बॉबी, उप सरपंच अनिल शर्मा और सुनील शर्मा सहित 10 लोगों के खिलाफ सिविल लाइन थाने में 167/2022 धारा 147, 149, 186, 353, 332 के तहत मामला दर्ज किया है। पुलिस सभी को गिरफ्तार कर जेल भेजने की तैयारी कर रही है।

Back to top button