ब्यूरोक्रेट्स

राजू श्रीवास्तव का छत्तीसगढ़ से रहा लगाव ….. नशे के खिलाफ पुलिस के निजात अभियान को भी दिया था समर्थन….IPS संतोष सिंह ने कुछ इस तरह किया याद …

रायपुर 21 सितंबर 2022। मशहूर कॉमेडियन राजू श्रीवास्तव अब इस दुनिया में नहीं रहे। लाखों करोड़ों लोगों के चेहरे पर मुस्कान बिखेरने वाले राजू श्रीवास्तव पूरी दुनिया को रुला कर इस दुनिया से चले गए। महज 58 साल की उम्र में राजू श्रीवास्तव ने बेपनाह शोहरत बटोरी। उनके कॉमेडी का अंदाज, सरल सहज और आम भाषा में लोगों को गुदगुदाने का तरीका लोग याद करते है। गजोधर भैया का उनका कैरेक्टर लोगों को खूब पसंद आया।

बड़े से बड़े नेताओं की मिमिकारी को उन्होंने बड़े साफ सुथरे अंदाज में लोगों के बीच प्रस्तुत किया। उनकी कॉमेडी में कभी फूहड़ता नहीं रही। आज के दौर में जब कॉमेडी का अंदाज काफी बदल रहा है, तो भी उन्होंने अपने असूल से कभी समझौता नहीं किया।

राजू श्रीवास्तव के निधन पर उनके चाहने वाले लगातार उनके अंदाज को याद कर रहे हैं। मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने भी कॉमेडी किंग रहे राजू श्रीवास्तव के निधन पर दुख जताया है। उन्होंने कहा है कि

“हास्य विधा का एक नया स्वरूप देश के सामने गजोधर भैया के रूप में राजू श्रीवास्तव ने पेश किया। उनका जाना कला के लिए एक बड़ी क्षति है। ईश्वर उनकी आत्मा को शांति और उनके परिवार को हिम्मत दें”

छत्तीसगढ़ से भी कॉमेडियन राजू श्रीवास्तव का गहरा लगाव रहा है। राजू श्रीवास्तव ने छत्तीसगढ़ में कई शो किए, जिसमें हजारों की भीड़ जुटी।

कोरबा के एसपी संतोष कुमार सिंह भी राजू श्रीवास्तव को याद करते हैं। उन्होंने राजू श्रीवास्तव के एक वीडियो को ट्वीट कर नशे के खिलाफ पुलिस के निजात अभियान में साथ देने को लेकर उनके योगदान को याद किया है। आईपीएस संतोष सिंह के नशे के खिलाफ कोरिया, राजनांदगांव और कोरबा में चले निजात अभियान को पूरे देश में समर्थन मिला था। राजू श्रीवास्तव ने निजात अभियान को लेकर अपना मैसेज IPS संतोष सिंह को भेजा था। आईपीएस संतोष सिंह ने राजू श्रीवास्तव को याद करते हुए ट्वीट किया है…

अपने आस-पास के कैरेक्टर को लेकर सहज कॉमेडी करने के लिए मशहूर कॉमेडियन राजू श्रीवास्तव का निधन। ईश्वर दिवंगत आत्मा को शांति प्रदान करें। बीमार पड़ने से कुछ दिन पूर्व ही उन्होंने छत्तीसगढ़ पुलिस के अवैध नशे के विरुद्ध #निजात अभियान को समर्थन करते हुए अपना संदेश भेजा था।

Back to top button