हेडलाइन

सोनिया गांधी के निजी सचिव पर रेप की FIR….शादी का झांसा देकर बलात्कार का आरोप

नई दिल्ली 28 जून 2022। कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी (Sonia Gandhi) के निजी सचिव पीपी माधवन पर रेप का केस दर्ज हुआ है। सचिव माधवन पर आरोप है कि उन्होंने एक महिला को शादी का झांसा देकर उनसे रेप किया है। उत्तमनगर थाने की पुलिस ने संबंधित मामले में केस दर्ज कर लिया है। इस मामले में पीपी माधवन पर बलात्कार की धारा 376 और जान से मारने की धमकी धारा 506 के तहत केस दर्ज हुआ है।

द्वारका के डीसीपी हर्षवर्धन ने कहा कि 71 वर्षीय पीपी माधवन के खिलाफ आरोप लगाए गए हैं, जो एक वरिष्ठ राजनीतिक नेता के पर्सनल सेक्रेटरी के रूप में काम करते हैं। उन्होंने बताया कि 25 जून को एक शिकायत मिली थी, जिसके आधार पर आईपीसी की धारा 376 (रेप) और 506 (आपराधिक धमकी) के तहत मामला दर्ज किया गया है।

पुलिस के मुताबिक, महिला ने माधवन पर नौकरी दिलाने और शादी करने का झांसा देकर उसके साथ दुष्कर्म किया। महिला ने कहा कि 2020 में कोविड लॉकडाउन के दौरान उसके पति की मृत्यु हो गई थी, इसके बाद ही उसकी मुलाकात माधवन से हुई। महिला ने बताया कि उसका पति पार्टी कार्यालय में एक सहायक के रूप में काम करता था। उन्होंने कहा कि वह अक्सर नौकरी की तलाश में कांग्रेस कार्यालय जाती थीं।

महिला का आरोप है कि माधवन ने नौकरी और शादी का झांसा देकर उसके साथ कई बार रेप किया। वहीं, आरोपों पर माधवन ने कहा कि वो महिला को जानते हैं, लेकिन आरोप गलत हैं।

महिला की कई बार माधवन से मुलाकात हुई
FIR के मुताबिक, 21 जनवरी 2022 को माधवन ने पहली बार महिला को अपने घर पर बुलाया था। इसके बाद माधवन ने उसे बताया कि उनका अपनी पत्नी से तलाक हो चुका है। महिला की कई बार माधवन से मुलाकात हुई। इस दौरान कई बार महिला ने अपने साथ जबरदस्ती की बात FIR में कही है। उत्तम नगर थाने में महिला की शिकायत पर माधवन के खिलाफ धारा 376, 506 के तहत केस दर्ज कर लिया गया है। आगे की जांच जारी है।

Back to top button