क्राइमहेडलाइन

छात्र-छात्रा समेत 3 की मौत : नदी में नहाने के दौरान बड़ा हादसा, डूब रहे भाई-बहन को बचाने में पड़ोस की महिला की भी हुई मौत

लोरमी 7 जून 2023। लोरमी से बड़ी खबर आ रही है। नदी में डूबने से तीन लोगों की मौत हो गयी। सभी मृतक आपस में भाई बहन थे। जानकारी के मुताबिक लड़का, लड़की के अलावे एक महिला की नदी में डूबकर मौत हो गयी। घटना लोरमी थाना के रबेली गांव की बतायी जा रही है। घटना के बाद गांव में गम कम माहौल है।

जानकारी के मुताबिक आठ वर्षीय लड़का और लड़की सहित एक महिला की नदी में डूबने से मौत हुई। मृतकों में एक ही घर के चचेरे भाई बहन शामिल हैं। परिजनों के मुताबिक मनियारी नदी में नहाने के दौरान गहरे पानी मे जाने से ये हादसा हुआ। घटना की सूचना पर पुलिस टीम मौके पर पहुंची और सभी शवों को अपने कब्जे में लिया।

फिलहाल तीनों शवों को नदी से बाहर निकाल कर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया गया है। जानकारी के मुताबिक, रबेली गांव में प्रेमचंद कश्यप, संतोष कश्यप और ताराचंद कश्यप इन तीन भाइयों का परिवार रहता है। बुधवार को प्रेमचंद का 8 साल का बेटा अक्षय और ताराचंद की बेटी आराध्या (8 वर्ष) दोनों चचेरे भाई-बहन नहाने के लिए मनियारी नदी में गए थे। नदी में चेक डैम के पास नहाते वक्त बच्चों का पैर फिसल गया और वे गहरे पानी में चले गए। दोनों बच्चे तीसरी कक्षा में पढ़ाई करते थे।

नदी में ही पड़ोस की महिला शकुंतला कश्यप (38 वर्ष) भी नहा रही थी। दोनों बच्चों को डूबता देखकर शकुंतला ने उन्हें बचाने के लिए गहरे पानी में गोता लगाया, लेकिन वो भी ऊपर नहीं आ सकी। गहराई का अंदाजा नहीं होने के चलते महिला भी गहरे पानी में डूब गई। जिस महिला शकुंतला कश्यप की मौत हुई है, उसके खुद भी 3 छोटे-छोटे बच्चे हैं। इधर जानकारी मिलने पर लोरमी थाना पुलिस अस्पताल पहुंची और तीनों शवों को पोस्टमॉर्टम के लिए भिजवाया।

Back to top button