हेडलाइन

रिटायर्ड डिप्टी कलेक्टर की बहू की मिली लाश, बैंक अफसर बेटे पर गंभीर आरोप, ससुराल वालों ने दामाद की पिटाई की..सुसाइड नोट में लिखी ये बात…

बिलासपुर 24 जनवरी 2023। रिटायर्ड डिप्टी कलेक्टर की बहु की लाश मिली है। अब ये हत्या है या फिर आत्महत्या? पुलिस दोनों एंगल से जांच कर रही है। जानकारी के मुताबिक महिला की फंदे पर लटकी हुई लाश मिली है। प्रारंभिक जानकारी में ये बातें सामने आयी है कि रिटायर्ड डिप्टी कलेक्टर के बेटे के साथ बहू का विवाद हुआ था, जिसके बाद ही महिला ने फांसी लगा ली। महिला का नाम युक्तीरानी बताया जा रहा है। घटना सरकंडा थाना क्षेत्र का बताया जा रहा है। जानकारी के मुातबिक खाना बनाने को लेकर पति-पत्नी में विवाद हुआ था।

हालांकि जिस हालत में फंदे पर लटकी हुई महिला की लाश मिलने की बात सामने आ रही है, वो काफी संदिग्ध है। फिलहाल सरकंडा पुलिस जांच में जुटी हुई है। परिजनों ने पति पर आरोप लगाया है। पुलिस को देर रात महिला के फांसी लगाने की जानकारी मिली थी, तब पुलिस की टीम मौके पर पहुंची थी। इस दौरान रविकांत ने उसे फांसी के फंदे से नीचे उतार दिया था। पुलिस पहुंची, तब मायकेवाले भी पहुंच गए थे। इस दौरान मायकेवालों ने आरोप लगाते हुए रविकांत की जमकर पिटाई भी की।

पुलिस ने उसके पास से सुसाइड नोट भी बरामद किया है, जिसमें उसने परिवारवालों से माफी मांगी है और अपनी बच्ची का ध्यान रखने के लिए कहा है। मामला सरकंडा थाना क्षेत्र का है। सुसाइड नोट में उसने अपनी बड़ी बहन नीलू रानी से कहा है कि मेरी बेटी को अपनी बेटी की तरह रखना और प्यार करना। मेरे बारे में उसे बताना कि अच्छी मम्मा थी, आगे लिखा है कि आई लव यू सबको, पामा-मम्मी, पप्पू भाई अन्नू, बंटू भाई तुम सब खुश रहना। मुझे हमेशा याद करना, सबको मैं बहुत प्यार करती हूं। जो होता है, अच्छे के लिए होता है, सब सक्सेसफुल रहना, मेरी दुआ तुम्हारे साथ है।

जानकारी के अनुसार, जीआर महिलाने रिटायर्ड डिप्टी कलेक्टर हैं और उनका परिवार तिफरा के यदुनंदन नगर में रहता है। उनका छोटा बेटा रविकांत महिलाने मस्तूरी क्षेत्र के जयरामनगर-एरमसाही में कैनरा बैंक में मैनेजर है। उसकी शादी जांजगीर-चांपा जिले के पामगढ़ में रहने वाले टीचर राजकुमार जांगड़े की बेटी युक्तिरानी से साल 2019 में हुई थी। शादी के बाद परिवार सहित रविकांत यदुनंदन नगर में रहता था। पिछले करीब 7 माह से रवि और उसकी पत्नी मोपका स्थित स्वर्ण रेसीडेंसी में रहने लगा था। उनकी 15 माह की बेटी भी है।

मामले में शक के घेरे में रिटायर्ड डिप्टी कलेक्टर का बेटा रविकांत है। पुलिस ने फिलहाल उसे हिरासत में लिया और पूछताछ कर रही है। रविकांत के मुताबिक बेडरूम का दरवाजा बंदकर युक्तिरानी ने फांसी लगा ली। उसने बताया कि काफी आवाज लगाया। लेकिन, अंदर से कोई आहट सुनाई नहीं दी। तब वह खिड़की से झांक कर देखा तो युक्तिरानी दुपट्‌टे से फंदे पर झूल रही थी। इसके बाद उसने अपने पापा और ससुर सहित अन्य लोगों को घटना की जानकारी दी।

Back to top button