ब्यूरोक्रेट्सहेडलाइन

स्कूली बच्चों ने इंस्पेक्शन पर आये अधिकारियों का दिल जीता…. कलेक्टर ने बच्चों की ली क्लास….बच्चों ने फटाफट दिये जवाब

कांकेर 15 सितम्बर 2022। जिले के अतिसंवेदनशील नक्सल प्रभावित क्षेत्र के स्कूल में बच्चों की शिक्षा गुणवत्ता एवं आत्मविश्वास को देखकर पुलिस उप महानिरीक्षक बालाजी राव, जिले के कलेक्टर डॉ. प्रियंका शुक्ला और पुलिस अधीक्षक शलभ कुमार सिन्हा बेहद प्रभावित हुए। अंतागढ़ विकासखण्ड के सुदूर गांव बैय्हासाल्हेभाट के प्राथमिक विद्यालय का उनके द्वारा आकस्मिक निरीक्षण किया गया तथा विद्यालय के प्रत्येक कक्षा में जाकर बच्चों से बातचीत की गई और उनसे सवाल पूछे गये, जिसका जवाब बच्चों ने पूरे आत्मविश्वास के साथ दिया, उनमें जरा भी झिझक नहीं पाई गई।

कलेक्टर डॉ. प्रियंका शुक्ला ने विद्यालय के कक्षा चौथीं एवं पांचवीं के बच्चों को पढ़ाया, उन्हें गणित के सवाल के साथ जोड़ना, घटाना के संबंध में प्रश्न पूछे गये, पहाड़ा एवं कविता सुनाने को कहा गया। अंग्रेजी एवं हिन्दी विषय को पढ़कर बताने कहा गया, बच्चों ने आत्मविश्वास के साथ बेझिझक जवाब दिया। बच्चों की प्रतिभा एवं आत्मविश्वास से जिले के आला अधिकारी बहुत खुश हुए। उन्होंने विद्यालय के सभी शिक्षकों को बधाई देते हुए शिक्षा की गुणवत्ता में वृद्धि के लिए बेहतर कार्य करने हेतु प्रोत्साहित किया।


     पुलिस एवं प्रशासन के अधिकारियों ने बैय्हासाल्हेभाट से फुलपाड़ मार्ग का भी निरीक्षण किया। घने जंगलों के बीच इस मार्ग का निर्माण हाल ही में किया गया है। निरीक्षण के दौरान अंतागढ़ के अपर कलेक्टर चन्द्रकांत वर्मा, पूर्व भानुप्रतापपुर के वन मंडलाधिकारी जाधव श्रीकृष्ण, जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी सुमीत अग्रवाल भी मौजूद थे।

Back to top button