पॉलिटिकलबिग ब्रेकिंग

न्याय यात्रा से पहले कांग्रेस को झटका, मिलिंद देवड़ा ने दिया इस्तीफा,एकनाथ शिंदे की शिवसेना में होंगे शामिल..

दिल्ली 14 जनवरी2024|लगातार हार से कांग्रेस पार्टी के कई नेताओं का विश्वास डगमगाया हुआ है। यही वजह है कि हाल के सालों में पार्टी के कई बड़े नामों ने कांग्रेस से इस्तीफा दे दिया है। अब इस कड़ी में नया नाम पार्टी के युवा चेहरे मिलिंद देवड़ा का भी जुड़ गया है। मिलिंद देवड़ा ने सोशल मीडिया पर एक पोस्ट साझा कर कांग्रेस की प्राथमिक सदस्यता से इस्तीफा देने का एलान किया। मिलिंद देवड़ा की गिनती कांग्रेस के युवा चेहरों में होती थी, लेकिन अब उनके जाने से महाराष्ट्र में पार्टी को झटका लगेगा।

दरअसल मिलिंद देवड़ा मुंबई साउथ की लोकसभा सीट से चुनाव लड़ते रहे हैं. 2004 से लेकर 2014 तक वो इसी सीट से चुनकर संसद पहुंचे थे, ये उनकी पारिवारिक सीट थी लेकिन अब इंडिया गठबंधन में शामिल उद्धव ठाकरे वाली शिवसेना इस सीट पर अपना दावा कर रही है. ये सीट उद्धव की पार्टी को दिए जाने की संभावना थी. हालांकि मिलिंद इससे खफा थे और उन्होंने इस सीट पर अपना दावा ठोक दिया था.  

बता दें 2019 में भी उद्धव के करीबी अरविंद सावंत इस सीट से सांसद बने थे. हालांकि तब शिवसेना ने बीजेपी के साथ मिलकर महाराष्ट्र में चुनाव लड़ा था. ऐसा कहा जा रहा है कि  इसी को देखते हुए मिलिंद ने कांग्रेस छोड़ने का फैसला किया है.  

देश के सबसे युवा सांसदों में से एक रहे
मिलिंद देवड़ा का जन्म 4 दिसंबर 1976 को मुंबई में हुआ। मिलिंद के पिता मुरली देवड़ा कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और पूर्व पेट्रोलियम मंत्री मुरली देवड़ा हैं। पिता की राह पर चलते हुए मिलिंद भी राजनीति में आए और कांग्रेस पार्टी से अपने राजनीतिक करियर की शुरुआत की। मिलिंद देवड़ा ने अमेरिका की बोस्टन यूनिवर्सिटी से प्रबंधन में स्नातक किया है। राजनीति में आने से पहले मिलिंद देवड़ा ने अमेरिका और भारत में कॉरपोरेट सेक्टर में विभिन्न पदों पर काम किया। साल 2008 में उन्होंने फिल्म निर्माता मनमोहन शेट्टी की बेटी पूजा शेट्टी से शादी की थी। मिलिंद देवड़ा की पत्नी पूजा शेट्टी एक फिल्म निर्माण कंपनी में मैनेजिंग डायरेक्टर के पद पर हैं। मिलिंद देवड़ा ने साल 2004 में दक्षिण मुंबई लोकसभा सीट से चुनाव जीतकर संसद पहुंचे और उनका नाम देश के सबसे युवा सांसदों में भी शुमार है। इसके बाद वह 2009 के लोकसभा चुनाव में भी दक्षिण मुंबई सीट से जीत दर्ज करने में सफल रहे।

यूपीए की सरकार में मंत्री भी रहे
यूपीए सरकार के दूसरे कार्यकाल में मिलिंद देवड़ा केंद्रीय नौका परिवहन मंत्रालय और कम्यूनिकेशन एंड आईटी मंत्रालय में राज्यमंत्री भी रहे। मिलिंद कांग्रेस में अखिल भारतीय संयुक्त कोषाध्यक्ष और मुंबई कांग्रेस के अध्यक्ष भी रह चुके हैं। मिलिंद देवड़ा की खेलों में भी रुचि है और वह क्रिकेट क्लब ऑफ इंडिया और बॉम्बे जिमखाना आदि के सदस्य भी हैं।

Back to top button