पॉलिटिकलहेडलाइन

महिला विधायकों का सम्मान करेगा भाजपा महिला मोर्चा, 28 को प्रदेश अध्यक्ष की मौजूदगी में होगा कार्यक्रम

रायपुर 26 दिसंबर 2023। भारतीय जनता पार्टी महिला मोर्चा की प्रदेश इकाई आगामी 28 दिसंबर को नवनियुक्त भाजपा प्रदेश अध्यक्ष किरण सिंह देव और हालिया विधानसभा चुनाव में निर्वाचित भाजपा की महिला विधायकों का सम्मान करेगा। यह कार्यक्रम राजधानी के कुशाभाऊ ठाकरे परिसर स्थित भाजपा के प्रदेश कार्यालय में होगा।

भाजपा महिला मोर्चा की प्रदेश अध्यक्ष शालिनी राजपूत और महामंत्री विभा अवस्थी ने कहा कि प्रदेश सरकार मातृ-शक्ति के विश्वास को संजोने एवं दृढ़तर करने की दिशा में आगे बढ़ रही है। ‘मोदी की गारंटी’ के अनुरूप प्रदेश की नवगठित भाजपा सरकार महिलाओं के सशक्तीकरण, सम्मान और सुरक्षा के लिए प्रतिबद्ध है। सत्ता सम्हालते ही प्रदेश सरकार ने ‘महतारी वंदन योजना’ पर क्रियान्वयन शुरू कर दिया है और बजट में 12सौ करेड़ रुपए का प्रावधान रखा है। श्रीमती राजपूत व श्रीमती अवस्थी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व वाली केंद्र सरकार ने महिलाओं को संसद व विधानसभा मंडलों में 33 फीसदी आरक्षण का विधेयक पारित कराके महिलाओं की राजनीतिक क्षमताओं व कुशलता का सम्मान किया है। केवल भाजपा ही महिलाओं के सर्वतोमुखी कल्याण और विकास की एकमात्र गारंटी है और इसलिए प्रदेश की मातृ शक्ति ने भाजपा के प्रति अपना अगाध विश्वास व्यक्त किया है।

भाजपा महिला मोर्चा की प्रदेश अध्यक्ष श्रीमती राजपूत व महामंत्री श्रीमती अवस्थी ने कहा कि प्रदेश की भाजपा सरकार ने महतारी वंदन योजना के क्रियान्वयन के साथ प्रदेश की मातृ-शक्ति को यह साफ संदेश दिया है कि महिलाओं की सुरक्षा, उनका सम्मान और सामाजिक व आर्थिक सशक्तीकरण भाजपा की सरकार में तेजी से दिखाई देगा। महिला सशक्तीकरण कांग्रेस सरकार का राजनीतिक जुमला भर बनकर रह गया था।

Back to top button