क्राइम

कमरे में सो रही सास और पत्नी पर पेट्रोल छिड़कर आरोपी ने लगाई आग…. सास की मौत, पत्नी की हालत गंभीर….

सहारनपुर 30 अक्टूबर 2022: सहारनपुर में जनकपुरी कोतवाली क्षेत्र की कृष्णा धाम कॉलोनी में ससुराल में रह रहे युवक ने पत्नी को साथ में ससुराल न भेजने पर अपनी सास और पत्नी पर पेट्रोल छिड़ककर आग लगा दी। सास की मौत हो गई जबकि पत्नी बुरी तरह झुलस गई है। बताया गया कि पत्नी की हालत गंभीर बनी हुई है। पुलिस ने आरोपी को हिरासत में ले लिया है जिससे पूछताछ की जा रही है।

शामली जिले के आदर्श मंडी थानाक्षेत्र के गोहरनी गांव निवासी नितिन पुत्र मुकेश कृष्णाधाम कालोनी में 19 वर्षीय पत्नी रितिका, 45 वर्षीय सास पायल के साथ किराए के मकान में रहता है और राजमिस्त्री का काम करता है। जनकपुरी थाना प्रभारी अविनाश गौतम के मुताबिक शुक्रवार रात नितिन का सास और पत्नी से झगड़ा हुआ था। नितिन पत्नी को अपने गांव ले जाना चाहता था लेकिन सास नहीं भेज रही थी।

इसी विवाद में शनिवार सुबह चार बजे नितिन ने कमरे में सो रही सास और पत्नी पर पेट्रोल छिड़कर आग लगा दी और घर से भाग गया। सास की मौके पर ही मौत हो गई जबकि रितिका गंभीर रूप से झुलस गई। मकान मालिक संजीव ने रितिका को अस्पताल में भर्ती कराया। वह 80 प्रतिशत झुलस गई है। एसपी सिटी अभिमन्यु मांगलिक व थाना प्रभारी अविनाश गौतम ने मौके पर पहुंचकर जांच-पड़ताल की। बाद में पुलिस ने नितिन को भी एक निजी अस्पताल से गिरफ्तार कर लिया। वह भी अपने झुलसे हुए हाथों का उपचार करा रहा था। इस मामले में गढ़ीमलूक निवासी पायल के भाई प्रीतम ने नितिन के खिलाफ हत्या और जानलेवा हमले का मुकदमा दर्ज कराया है।

पुलिस ने आरोपित नितिन से जब पूछताछ की तो उसने सास पर गंभीर आरोप लगाए। उसने बताया, सास की पहली शादी फतेहपुर थानाक्षेत्र के खुजनावर गांव निवासी संदीप से हुई थी। पति को तलाक दिए बिना सास आशू नाम के व्यक्ति के साथ रह रही थी। नितिन का कहना है कि सास गर्भवती थी। इंस्पेक्टर का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही बताया जा सकता है कि वह गर्भवती थी या नहीं।

शनिवार सुबह करीब चार बजे नितिन ने पेट्रोल छिड़ककर घर में आग लगा दी। जिससे सास पायल और पत्नी रितिका गम्भीर रूप से झुलस गई। पायल की मौके पर ही मौत हो गई। सूचना पर पुलिस ने आरोपी नितिन और रितिका को अस्पताल में भर्ती कराया।

Back to top button