हेडलाइन

विधानसभा उपाध्यक्ष का चुनाव शीतकालीन सत्र में… प्रदेश प्रभारी सैलजा से चर्चा कर नाम होगा फाइनल.. आदिवासी वर्ग को ही पद दिये जाने की चर्चा

रायपुर 24 दिसंबर 2022। विधानसभा के शीतकालीन सत्र में उपाध्यक्ष का चुनाव होगा। कहा जा रहा है कि कांग्रेस आदिवासी वर्ग से ही किसी को उपाध्यक्ष प्रत्याशी बना सकती है। हालांकि कई और नामों की भी चर्चा है, लेकिन नाम अभी फाइनल नहीं हुए हैं। माना जा रहा है कि नये प्रदेश प्रभारी के साथ चर्चा कर नामों को आखिरी रूप दिया जायेगा। प्रदेश प्रभारी सैलजा 25 दिसंबर को रायपुर आ रही है। 26 को वो रायपुर में बड़ी बैठक लेंगी।

आपको बता दें कि विधानसभा उपाध्यक्ष मनोज सिंह भंडारी के निधन के बाद खाली सीट के लिए उपचुनाव हो चुके हैं। उनकी पत्नी सावित्री मंडावी भानुप्रतापपुर से विधायक बनी है। अब विधानसभा उपाध्यक्ष के पद के लिए शीतकालीन सत्र में चुनाव कराने की तैयारी है। जानकारी के मुताबिक 2 जनवरी से शुरू हो रहे विधानसभा सत्र के दौरान उपाध्यक्ष का चुनाव हो सकता है। विधायकों की संख्या बल के आधार पर उपाध्यक्ष का पद कांग्रेस को ही मिलना हैं।

आपको बता दें कि विधानसभा में उपाध्यक्ष का पद पहले विपक्ष को देने की परंपरा रही थी, लेकिन जोगी सरकार में यह परंपरा टूट गई। पहले विधानसभा में उपाध्यक्ष का पद विपक्ष को दिया गया था और बनवारी लाल अग्रवाल उपाध्यक्ष बने थे। बाद में अग्रवाल के खिलाफ सत्ता पक्ष ने अविश्वास प्रस्ताव लाया और उन्हें पद से हटना पड़ा। इसके बाद सत्तारूढ़ दल से ही धर्मजीत सिंह उपाध्यक्ष निर्वाचित हुए। इसके बाद से उपाध्यक्ष का पद सत्तापक्ष ने अपने ही पास रखी है।

इस बार वैसे उपाध्यक्ष का चुनाव के निर्विरोध होने की उम्मीद है। मनोज मंडावी का भी निर्वाचन निर्विरोध ही हुआ था। इस बार दंतेवाड़ा विधायक लखेश्वर बघेल, संतराम नेताम, दलेश्वर साहू का नाम प्रमुखता से उठ रहा है। सूत्र बताते हैं कि सीएम भूपेश बघेल प्रदेश प्रभारी कुमारी सैलजा से चर्चा कर उपाध्यक्ष का नाम तय करेंगे।

Back to top button